अमर उजाला ब्यूरो
बलद्वाड़ा (मंडी)। खुडला से धतोली गांव के लिए करीब 15 साल पहले निकाली गई सड़क की हालत बेहद खराब है। इस सड़क को पक्का करने के लिए लोगों ने कई बार सरकार और विभाग से गुहार लगाई, लेकिन आज तक यह सड़क पक्की नहीं हो पाई है। इसके चलते इसकी हालत खस्ता हो गई है। इस पर वाहन चलाना चुनौतीपूर्ण हो गया है।
बरसात के बाद सड़क की हालत और अधिक खराब हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि कई सालों से हम इसके पक्का होने की राह देख रहे हैं, लेकिन यह आज तक भी पक्की नहीं हो पाई है। आजकल इस सड़क पर इतनी धूल-मिट्टी हो गई है कि वाहनों के चलने से यह मिट्टी लोगों के घरों के अंदर तक पहुंच रही है। इससे यहां सांस लेना भी मुश्किल हो गया है। वहीं, घरों में रखा सामान भी खराब हो रहा है। ग्रामीणों सत्यपाल सिंह, सुनील कुमार, ओम प्रकाश, कश्मीर सिंह, कृष्ण चंद, रणजीत सिंह, नरोत्तम राम, नंदलाल, रूप सिंह, योगराज, विनोद कुमार, विजय, बिमला देवी, नीलम, प्रवीण, कौशल्या देवी, बर्फी देवी, ममता, तृप्ता देवी आदि ने विभाग से इस सड़क को शीघ्र पक्का करने की मांग उठाई है। लोक निर्माण विभाग बलद्वाड़ा के एसडीओ अरविंद भारद्वाज ने कहा कि सड़क को पक्का करने के लिए टेंडर लगा दिए गए हैं। शीघ्र सड़क को पक्का करने का काम शुरू कर दिया जाएगा।