3184 सीटों के लिए 6353 अभ्यर्थियों ने कराया था पंजीकरण
विश्वविद्यालय आज प्रोविजनल आंसर-की जारी करेगा
संवाद न्यूज एजेंसी
नेरचौक (मंडी)। अटल चिकित्सा एवं अनुसंधान विश्वविद्यालय (एएमआरयू) ने रविवार को प्रदेश के 19 परीक्षा केंद्रों पर बीएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग और एमएससी नर्सिंग पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित करवाई। कुल 6353 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 6143 ने परीक्षा दी, जबकि 210 अनुपस्थित रहे। विश्वविद्यालय के अनुसार बीएससी नर्सिंग की 2130, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग की 835 तथा एमएससी नर्सिंग की 219 सीटों सहित कुल 3184 सीटों पर प्रवेश के लिए परीक्षा आयोजित की गई। सभी केंद्रों पर सुरक्षा, गोपनीयता और पारदर्शिता के मानकों का पालन किया गया तथा जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। विश्वविद्यालय 3 अगस्त को प्रोविजनल आंसर-की जारी करेगा। अभ्यर्थी उत्तर कुंजी पर आपत्तियां आवश्यक दस्तावेजों सहित 6 अगस्त तक विश्वविद्यालय की आधिकारिक ई-मेल पर भेज सकते हैं। प्रवेश परीक्षा का परिणाम अगस्त माह में घोषित होने की संभावना है।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि परीक्षा के सफल संचालन में प्राचार्यों, केंद्र अधीक्षकों, कक्ष निरीक्षकों, विश्वविद्यालय प्रतिनिधियों तथा अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय भविष्य में भी प्रवेश परीक्षाओं के आयोजन में पारदर्शिता और निष्पक्षता के उच्च मानकों को बनाए रखेगा।