मंडी। शहर के सभी वार्डों में 535 बैंच लगेंगे। नगर निगम के पास इसकी खेप पहुंच गई है। करोड़ों रुपये की लागत से लगाए जाने वाले बैंचों को शहर के सभी वार्डों में सार्वजनिक स्थानों में स्थापित किया जाएगा।
प्रत्येक वार्ड को 50-50 बैंच वितरित किए जाएंगे। इन बैंचों के स्थापित होने से शहर के लोगों समेत बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को लाभ होगा। इसके साथ ही सर्दियों में लोग बैंचों पर बैठकर धूप सेकने का भी आनंद ले सकेंगे।
नगर निगम जल्द ही सभी वार्डों में बैंच वितरित करेगा। नगर निगम के उपमहापौर वीरेंद्र भट्ट ने बताया कि विधानसभा चुनाव नतीजे आने के बाद नगर निगम विकास कार्यों को युद्ध स्तर पर शुरू करेगा। नगर निगम के सभी वार्डों में 1-1 करोड़ के विकास कार्य किए जा रहे हैं। आठ दिसंबर के बाद नगर निगम बैठकें करके विकास कार्य को गति देगा।
पहले मानकों पर खरे नहीं उतरे थे बैंच
इससे पहले नगर निगम को हैंडलूम एंड हेंडीक्राफ्ट कारपोरेशन की ओर से बैंच के सैंपल भेजे गए थे। वे कसौटी पर खरे नहीं उतर थे। कारपोरेशन से नगर निगम ने करार के दौरान बैंच की लंबाई, चौड़ाई वजन आदि के कुछ मानक निर्धारित किए।
कारपोरेशन के सैंपल के रूप में भेज बैंच को तकनीकी कमेटी ने मानकों के अनुरूप नहीं पाया है। नतीजतन सैंपल के बैंच लौटा दिए। सैंपल रिजेक्ट होने के बाद इस कार्य में बाधा पड़ गई थी। अब बैंच पहुंच गए हैं।