मंडी। शिवरात्रि से दो दिन पहले मंडी शहर में स्वच्छता जलेब निकाली जाएगी। इस जलेब का आयोजन नप मंडी करेगी। जलेब में विभिन्न विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ ही आम शहरी भी भाग लेंगे। जलेब के माध्यम से स्वच्छता मिशन के बारे में जागरूक किया जाएगा। वीरवार को नप मंडी कार्यालय में शिवरात्रि मेला सफाई उपसमिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया है। नगर परिषद उपाध्यक्ष वीरेंद्र शर्मा ने बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में पार्षदों, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों और गैर सरकारी सदस्यों ने शिरकत की। नगर परिषद मंडी की कार्यकारी अधिकारी उर्वशी वालिया ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के दौरान पड्डल मैदान और शहर की सफाई व्यवस्था पर करीब 7.41 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसे लेकर जिला प्रशासन को प्रपोजल सौंपी गई है। उन्होंने बैठक में पिछले साल की बैठक की कार्यवाही पेश की। उसी के आधार पर इस वर्ष भी शिवरात्रि के दौरान सफाई व्यवस्था का इंतजाम करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर नगर परिषद की पूर्व अध्यक्ष पुष्पराज शर्मा, नीलम शर्मा, अशोक गुप्ता और अन्य मौजूद रहे।
उखड़े रास्ते, सड़कों के हालत सुधारने के आदेश
ऊहल पेयजल योजना के कारण बदहाल शहर की गलियों और रास्तों को लेकर बैठक में चर्चा हुई। आईपीएच विभाग को पाइपलाइन बिछाने के लिए उखाड़े गए रास्तों और मरम्मत करने के निर्देश दिए गए। शहर में रोशनी की उचित व्यवस्था के लिए अतिरिक्त लाइट लगाने के निर्देश बिजली बोर्ड को जारी किए।
बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि मेले के दौरान पड्डल मैदान में अग्निशमन विभाग की गाड़ी खड़ी करने के लिए स्थान और आपातकाल में मेला मैदान में गाड़ी ले जाने के लिए बैरिकेट्स हटाने के बारे में लोक निर्माण विभाग को पत्र लिखा जाएगा। इसके अलावा नगर परिषद आईपीएच और शहर की स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से पेयजल टंकियों की साफ-सफाई की जाएगी।