गोहर क्षेत्र में एक दुकान से मिल्क केक जब्त करते खाद्य एवं सुरक्षा विभाग के अधिकारी। स्त्रोत-
मंडी। दिवाली पर मिठाई में मिलावट के मामलों पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग मंडी की टीम ने गोहर क्षेत्र में गड़बड़ी की आशंका पर एक दुकान से 50 किलो मिल्क केक जब्त किया। इसकी सप्लाई रत्ती क्षेत्र से हुई थी। बता दें कि सोमवार को भी रत्ती में 347 किलोग्राम मिल्क केक को गड़बड़ी की आशंका में जब्त किया गया था। अब मिल्क केक से सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
मिल्क केक की सप्लाई हरियाणा के पंचकूला जिला से हुई है। खाद्य सुरक्षा विभाग को शिकायत मिली थी कि मिल्क केक में गड़बड़ी है। इसके बाद विभाग की टीम ने सोमवर को पहले रत्ती क्षेत्र में कार्रवाई की। इसके बाद विभागीय टीम को पता चला कि इसी मिल्क केक की सप्लाई जिले के अन्य छोटे कस्बों में हुई है। इस पर मंगलवार को विभागीय टीम ने गोहर क्षेत्र में निरीक्षण किया।
इस दौरान एक दुकान से गड़बड़ी की आशंका वाला मिल्क केक मिल गया। इसपर विभागीय टीम ने उसे जब्त कर लिया। एहतियातन इसका भी एक सैंपल भरा गया है। मिल्क केक में विभाग प्रथम दृष्टता में कुछ गड़बड़ी की आशंका जता रहा है। हालांकि गड़बड़ी है या नहीं इसकी पुख्ता जानकारी लैब रिपोर्ट आने पर ही होगी। रत्ती और गोहर क्षेत्र में जब्त मिल्क केक एक ही तरह के पांच किलो के डिब्बे में पैक है।
उधर, खाद्य एवं सुरक्षा विभाग के सह आयुक्त एलडी ठाकुर ने कहा कि यदि कहीं भी मिलावट या किसी भी तरह की गड़बड़ी होने की शिकायत तुरंत विभाग को दें। इस त्वरित कार्रवाई की जाएगी। दीपावली पर डिब्बा बंद मिठाई खरीदने से पहले जांच परख कर लें। एक्सपायरी तिथि जरूर जांचें। ज्यादा रंग व चमक धमक वाली मिठाइयों से दूर रहें।