करसोग के सलाना गांव का मामला, पुलिस जांच में जुटी
पुलिस को देख जंगल की तरफ भागा एक व्यक्ति, नहीं लगा सुराग
संवाद न्यूज एजेंसी
करसोग (मंडी)। स्थानीय पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापे मार कर दुर्गम क्षेत्र दुरकनु के सलाना गांव में अफीम के 468 पौधे नष्ट किए हैं। मकान की तलाशी लेने पर पुलिस को बिना लाइसेंस बंदूक भी मिली है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक करसोग पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर करसोग के अति दुर्गम क्षेत्र दुरकनु के गांव सलाना डाकघर कांडा में दबिश देकर एक व्यक्ति की ओर से खेतों में अवैध रूप से उगाए गए अफीम के 468 पौधे बरामद किए। मौके पर पहुंचे पुलिस दल को देख एक व्यक्ति जंगल की तरफ भाग गया। पुलिस दल ने उसकी जंगल में तलाश की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने मौके पर खेत में उगाए गए अफीम के छोटे और बड़े पौधों को नष्ट कर दिया। खेत में अफीम के पौधे नष्ट करने के बाद वापस लौटी टीम को आरोपी व्यक्ति की गोशाला के आसपास भी अफीम के पौधे मिले जिन्हें पुलिस ने मौके पर नष्ट कर दिया। ऐसे में पुलिस को घर पर भी अफीम के पौधे छुपाने का शक हुआ। इस आधार पर पुलिस ने आरोपी व्यक्ति के घर की तलाशी ली तो यहां बिना लाइसेंस के रखी एक बंदूक बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के तहत दो मामले दर्ज किए है। आरोपी की पहचान भीम सिंह गांव सलाना डाकघर कांडा के रूप में हुई है। गौरतलब है कि एक सप्ताह के अंदर पुलिस की अफीम की खेती नष्ट करने को लेकर दूसरी बड़ी कार्रवाई है। थाना प्रभारी मोहन जोशी ने बताया कि पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।