कई किसानों के खाते से गायब हो गई
सम्मान निधि योजना की पहली किस्त
पहले बैंक में पैसे जमा होने का मैसेज आया, बाद में जाने का
सीएम के गृह जिला में ठगा महसूस कर रहे किसान
बैंक प्रबंधक ने हाथ किए खड़े, बोले जानकारी नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
मंडी। केंद्र सरकार की किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों के खाते में डाली गई 2000 रुपये की राशि अपने आप ही खाते से गायब हो गई है। अब तक जिला में कई किसानों के खाते में जमा होकर पहली किस्त गायब हो चुकी है। इसे भद्दा मजाक करार देते हुए जब किसान बैंकों में इस बारे में जानकारी लेने के लिए पहुंच रहे हैं, तो बैंक प्रबंधन भी इस बात का संतोषजनक उत्तर नहीं दे पा रहे और किसानों को स्वयं इस बारे में अपने स्तर पर पता करने को कहा जा रहा है। ऐेसे में किसानों में रोष है। पैसों का खाते में आना और बाद में अपने आप ही राशि का गायब हो जाना, किसानों की समझ से बाहर है। उधर, इस बारे में उपायुक्त मंडी ने कहा कि इसकी जांच करेंगे। अगर ऐसा हो रहा है तो इसका उचित समाधान किया जाएगा।
केस वन
मंडी की नसलोह पंचायत के किसान गोपाल ने बताया कि उनके खाते में 24 फरवरी को 2000 रुपये की राशि आई और पांच मार्च को यह राशि अपने आप ही गायब हो गई। किसान ने जब इस बारे में अपने बैंक में पता करना चाहा तो बैंक प्रबंधन से उन्हें इस बात का जवाब नहीं मिल पाया कि उनके खाते की राशि कहां गई। किसान ने बताया कि उन्हें कहा गया कि वह अपने स्तर पर इस बात का पता करें। उन्होंने कहा कि अब उन्हें समझ नहीं आ रहा कि इस बात का पता उन्हें कहां चलेगा।
केस टू
मंडी के पवन कुमार का कहना है कि उनके खाते में दो हजार की राशि आई थी, लेकिन यह राशि कुछ दिन बाद गायब हो चुकी है। बैंक में जाकर इस बारे में पता करना चाहा तो संतुष्ट उत्तर नहीं मिला। उन्होंने प्रशासन से मामले में गौर करने की गुहार लगाई है, ताकि संबंधित किसानों को इस योजना का पूरा लाभ मिल सके।
जिला में हजारों किसानों ने किए हैं आवेदन
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जिला में करीब डेढ़ लाख किसानों को इस योजना का लाभ मिलना था। इस योजना के तहत छह हजार रुपये मिलने हैं। फरवरी में दो दो हजार रुपये किसानों के खाते में आने थे। गौर हो कि दो हेक्टेयर से कम भूमि वाले किसानों को ही इस योजना का लाभ दिया जाना है। जिला में डेढ़ लाख लोगों को इस योजना का लाभ दिया जाना है।