थुनाग (मंडी)। सराज क्षेत्र में बर्फबारी थम गई है लेकिन लोगों की दुश्वारियां कम नहीं हुई हैं। बिजली, पानी और संपर्क मार्गों पर यातायात व्यवस्था हांफी हुई है। खासकर बिजली की आंख मिचौनी से सराजवासियों को कड़ाके की ठंड में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को धूप खिलने के बावजूद करीब दो दर्जन पंचायतों में बिजली की आपूर्ति समय-समय पर बाधित रही। इससे न केवल स्थानीय लोगों को बल्कि कारोबारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं कई संपर्क मार्गों पर यातायात बाधित है और पेयजल पाइप में पानी जम जाने से आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है। साल की पहली बर्फबारी ने प्रशासन के इंतजामों की पोल खोल कर रख दी है। विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता जीसी शांडिल ने कहा कि बर्फबारी के चलते काफी नुकसान हुआ है। बिजली की आपूर्ति बहाल की जा रही है। स्थिति लगभग सामान्य कर दी गई है।
....
20 घंटे तक रहा ब्लैक आउट, 100 से अधिक ट्रांसफार्मर रहे बंद
जंजैहलीघाटी के थुनाग, जरोल, ढन्यार, भराड, लोट बगस्याड, कैटयादी, लेहगला, शिकावारीख, लंबाथाच, सुनाह निहरी, बुखलवार, केउली, बगलियारा, धरवारथाच, बागाचनौगी, कुल्थनी, कटारू, केउलीनाल, कटारू, रैलचौक, रियाडा चिउणी, नकटैरा आदि गांवों के हजारों लोगों को बिजली बंद रहने से परेशानी उठानी पड़ी। हालांकि कई स्थानों पर आपूर्ति बहाल भी हो चुकी है। क्षेत्रों में 20 घंटे तक ब्लैक आउट रहा और करीब 100 से अधिक ट्रांसफार्मर बंद रहे।
लोहड़ी की खरीदारी में एटीएम बने बाधा
रविवार को बिजली गुल रही। ऐसे में एटीएम से पैसे तक नहीं निकले। ऐसे में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि सोमवार को काफी हद तक व्यवस्था सुधर गई थी। लेकिन बिजली की आंख मिचौनी से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
000