मंडी। प्रशिक्षित जेबीटी बेरोजगार संघ ने जेबीटी के स्वीकृत 700 पदों को संशोधित भर्ती एवं पदोन्नति नियम के तहत जल्द भरने की मांग उठाई है।
संघ के सदस्य राकेश कतनौरिया, प्रदीप गुप्ता, हिमान राम, कृष्णा, विनोद, कांता, रीना, हलकी देवी, बबलू राम व प्रवीण ने सीएम जयराम ठाकुर व शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज से मांग उठाई है कि जेबीटी के स्वीकृत 700 पदों को जल्द संशोधित आरएंडपी के तहत भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू करें। गत वर्ष शिक्षा विभाग ने टेट मेरिट से जेबीटी भर्ती को लेकर काउंसलिंग करवाई थी। लेकिन कुछ अभ्यर्थियों ने टेट मेरिट को प्रदेश उच्च न्यायालय में चुनौती दी थी। इस पर प्रदेश उच्च न्यायालय ने प्रदेश प्रशासनिक ट्रिब्यूनल को केस के निपटारा करने के निर्देश दिए थे। वहीं, प्रदेश प्रशासनिक ट्रिब्यूनल ने केस की सुनवाई के बाद जेबीटी भर्ती में टेट को निरस्त कर भर्ती 50 प्रतिशत बैच व 50 प्रतिशत कमीशन के माध्यम से करवाने के लिए शिक्षा विभाग को निर्देश दिए थे।
इसके बाद शिक्षा विभाग ने जेबीटी आरएंडपी में संशोधन कर 50 फीसदी बैच व 50 फीसदी कमीशन से करवाने के लिए नियम तैयार तो कर लिए हैं। लेकिन अभी तक भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई। प्रशिक्षित जेबीटी बेरोजगार संघ वरिष्ठ उप प्रधान राकेश कश्यप ने प्रदेश सरकार व शिक्षा विभाग से आग्रह किया है कि जेबीटी के स्वीकृत 700 पदों को भरने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए ताकि बेरोजगारी का दंश झेल रहे जेबीटी अभ्यर्थी स्कूलों में सेवा दे सकें। संघ का प्रतिनिधिमंडल जल्द ही सीएम से मिलेगा।
रिक्त पदों से प्रभावित हो रही पढ़ाई : बेदी
राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेशाध्यक्ष जीएस बेदी ने कहा कि प्रदेश के प्राथमिक स्कूलों में जेबीटी शिक्षकों के हजारों पद रिक्त चल रहे हैं। इसके चलते बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। प्रदेश सरकार व शिक्षा विभाग से आग्रह है कि जेबीटी भर्ती जल्द संशोधित नियमों के तहत करवाकर रिक्त पदों को भरा जाए।