मंडी। भारी हंगामे और तनातनी के बीच वीरवार को बल्ह पंचायत समिति की बैठक में समिति उपाध्यक्ष पवन ठाकुर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया। बैठक में 26 में से 16 समिति सदस्यों ने उपाध्यक्ष पवन ठाकुर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया। विभागीय अधिकारियों के बैठक में नहीं पहुंचने से बल्ह पंचायत समिति की बैठक वीरवार को हंगामापूर्ण रही। अधिकारियों के न पहुंचने पर पंचायत समिति सदस्यों ने रोष जताया है।
बैठक में नवनिर्वाचित विधायक इंद्र सिंह ने पहली दफा शिरकत की। पंचायत समिति सदस्य अंजना रावत, कुलदीप ठाकुर, अनिल सैनी, बलि राम, निशा देवी, सुनीता देवी, चेतराम, नरेंद्र सिंह, रीता देवी, कौशल्या देवी, सत्या देवी, रति देवी, रूपमती देवी ने आरोप लगाया कि उनकी बैठकों से अधिकांश विभागीय अधिकारी दूर ही रहते हैं। कार्यों के प्रति विभाग सुस्त रवैया दिखाता है। वह लोगों द्वारा चुने हुए सदस्य हैं तथा उनकी हमेशा अनदेखी की जा रही है। बैठक में विधायक इंद्र सिंह गांधी ने विभागीय अधिकारियों को दो टूक निर्देश जारी किए कि काम में तेजी लाएं। पंचायत समिति चेयरमैन अंजना रावत ने कहा कि कृषि विभाग भंगरोटू, रिवालसर बाल विकास परियोजना, तहसील कल्याण अधिकारी, मंडलीय अभियंता भू-संरक्षण, रेशम कीट पालन विभाग व अन्य विभागों के अधिकारी बैठक से नदारद रहे। इसके चलते पंचायत समिति सदस्यों में भारी रोष है। सदस्यों ने एक स्वर में मांग की है कि अधिकारी बल्ह पंचायती समिति सदस्यों की समस्याओं का जल्द निपटारा किया करें। बीडीओ बल्ह राजकुमार ने कहा कि पंचायत समिति सदस्यों की त्रैमासिक बैठक में उपाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया है। 15 दिनों के भीतर इस पर कार्रवाई की जाएगी।
छातड़ू में विधायक इंद्र सिंह ने जताया मतदाताओं का आभार
नेरचौक (मंडी)। विधायक इंद्र सिंह गांधी ने वीरवार को छातड़ू गांव का दौरा कर मतदाताओं का आभार जताया। इस अवसर पर उनके साथ स्थानीय बूथ अध्यक्ष ललित ठाकुर, गगन शर्मा, राकेश ठाकुर, महामंत्री भगवान चंद शर्मा, जिला परिषद सदस्य सरला ठाकुर, हरि सिंह आजाद, सोहन लाल, नीकू राम व आईटी सैल के सह प्रभारी विरेंद्र ठाकुर सहित अन्य कार्यकर्ता तथा स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे। छातड़ू की जनता ने इस मौके पर अपने विधायक इंद्र सिंह गांधी का जोरदार स्वागत किया तथा उनके समक्ष अपनी कुछ मांगें रखीं।