अमर उजाला ब्यूरो
मंडी/नगवाईं। सामरिक महत्व से अहम माना जाने वाला मनाली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-21 हणोगी के समीप जोगणी मंदिर के पास चट्टानें गिरने से शाम छह बजे के करीब बाधित हो गया। जिसके चलते एनएच पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया। सैकड़ों सैलानियों के वाहन, वोल्वो बसें जाम में फंस गई। कुल्ल मनाली तक पहुंचने का वैकल्पिक मार्ग मंडी-कुल्लू वाया कटौला रविवार सुबह से कटौला के समीप बाधित चल रहा है। जिससे कुल्लू मनाली का संपर्क पूरी तरह से देरशाम कट गया। प्रशासन व विभागीय अधिकारी कर्मचारियों के साथ एनएच को बहाल करने में जुटे हैं। हालांकि, आठ बजे तक एनएच बहाल नहीं हो सका है। विभाग ने मंडी की ओर दो जेसीबी व कुल्लू की ओर एक जेसीबी सड़क को बहाल करने में लगाई गई है। लेकिन, भारी मात्रा में गिरी चट्टानें का हटाने में विभाग को समय लग सकता है। तहसीलदार औट रमेश राणा ने कहा कि राहत कार्य जारी है। एनएच को जल्द ही बहाल कर दिया जाएगा। देरशाम तक राहत कार्य जारी था। नौ बजे तक एनएच के बहाल होने की उम्मीद है।
एनएच 21 के बाधित होने से सैकड़ों श्रद्धालु और सैलानी जाम में फंस गए हैं। एनएच पर काफी लंबा जाम लग गया है। तीन घंटे के बाद भी कर्मचारी सड़क को बहाल करने में जुटे रहे। मनीकर्ण व मनाली पहुंचने के अन्य मार्ग पहले से बंद पड़े हैं। जिससे सैलानियों व श्रद्धालुओं को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, मंडी-कुल्लू वाया कटौला मार्ग पर लगातार भूस्खलन हो रहा है। जिससे इसे बहाल करने में विभाग को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। यहां पर देर रात अथवा सुबह तक यातायात बहाल होने की उम्मीद है।