एसडीएम से मिले वार्डवासी, बोले समस्या हल न हुई तो जाएंगे न्यायालय
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। नगर निगम मंडी के वार्ड नंबर-15 दोंधी के करीब 370 मतदाता इस बार नगर निकाय चुनाव में अपने मताधिकार का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे। चक्कर चलाह क्षेत्र के लोगों का आरोप है कि उनके नाम इस बार मतदाता सूची में शामिल नहीं किए गए हैं, जिससे वार्डवासियों में रोष है।
समस्या को लेकर वार्ड के लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल बल्ह की एसडीएम स्मृतिका नेगी से मिला और मामले से अवगत करवाया। लोगों ने बताया कि करीब 370 मतदाताओं के नाम सूची से गायब हैं, जिसके कारण वे मतदान से वंचित हो जाएंगे। वार्डवासियों के मुताबिक एसडीएम ने उन्हें उपायुक्त से मिलने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया अब अंतिम चरण में है। ऐसे में इस स्तर पर बदलाव करना संभव नहीं है।
लोगों का कहना है कि यदि उनके क्षेत्र के मतदाताओं को मतदान का अधिकार ही नहीं मिल रहा तो नगर निगम चुनाव का कोई औचित्य नहीं रह जाता। उन्होंने मांग उठाई कि यदि समस्या का समाधान नहीं होता है तो उनके क्षेत्र को नगर निगम से बाहर कर दोबारा पंचायत क्षेत्र में शामिल किया जाए। वार्डवासी जीतू भारद्वाज और अन्य लोगों ने कहा कि अब इस मामले को उपायुक्त के समक्ष उठाया जाएगा। यदि वहां भी समाधान नहीं हुआ तो न्यायालय का दरवाजा खटखटाया जाएगा। इस संबंध में एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी ने बताया कि मतदाताओं को मत बनाने का विधिवत रूप से समय दिया गया था, मगर अब चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई है। ऐसे में नया वोट नहीं बनाया जा सकता है।