हिमाचल अनुबंध अध्यापक संघ ने शिक्षा विभाग की ओर से जारी उस पत्र का स्वागत किया है। जिसमें विभाग ने नियमितीकरण के लिए अनुबंध पर कार्यरत सहायक प्रोफेसर का रिकॉर्ड मंगवाया है।
संघ के प्रदेशाध्यक्ष राजेश जयसिंहपुरिया, महासचिव राजेश वर्मा, वित्त सचिव कपिल डोगरा, उपाध्यक्ष अनिल कुमार, शशि सैणी दिनेश कुमार, जिला कांगड़ा इकाई अध्यक्ष मुनीष गर्ग, ऊना से संजीव बग्गा, चंबा से रमेश कुमार, सिरमौर से देवेंद्र आदि पदाधिकारियों ने सरकार व विभाग के अनुबंध कर्मियों के नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू करने के फैसले का स्वागत किया है। संघ ने मांग की है कि 31 मार्च की शर्त को हटा कर 5 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने वाली तिथि को नियमितीकरण किया जाए।
उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी पत्र के अनुसार 10 फरवरी तक सभी अनुबंध सहायक प्रोफेसर जो 31 मार्च तक अपना 5 वर्ष का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं उनके दस्तावेज निदेशालय मे पहुंचाने के आदेश किए हैं। संघ के अध्यक्ष और महासचिव ने कहा कि शिक्षा विभाग मे कार्यरत अन्य अनुबंध शिक्षकों की प्रक्रिया भी शुरू की जाए ताकि नियमितीकरण की प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी हो सके। पहले ही 2500 के लगभग अनुबंध शिक्षकों को 5 वर्ष का कार्यकाल पूरे किए हुए छह माह से ऊपर का समय हो गया है।