हथियार लेकर चलने पर पाबंदी, उल्लंघन पर होगी कारवाई
लाइसेंस धारक जल्द थानों में जमा करवाएं अपने हथियार
अमर उजाला ब्यूरो
मंडी। जिला निर्वाचन अधिकारी ऋग्वेद ठाकुर ने चुनावों को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में इस बात का खुलासा किया। आचार संहिता लागू होने के चलते किसी भी प्रकार के हथियार पर पूरी तरह से पाबंदी रहेगी। इसके लिए संबंधित उपमंडल अधिकारी अपने उपमंडल के हथियार लाइसेंस धारकों से इन हथियारों को जमा करना सुनिश्चित करेंगे। इसके बावजूद उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई होगी।
क्षेत्रवार पोलिंग बूथ स्थापित होंगे
मंडी संसदीय क्षेत्र में मंडी जिला के नौ विस क्षेत्रों सहित कुल्लू, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, चंबा के भरमौर और शिमला के रामपुर में 2079 पोलिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। इसमें चंबा के भरमौर में 145 जबकि लाहुल स्पीति में 92 मतदान केंद्र स्थापित होंगे। कुल्लू जिला के मनाली में 109, कुल्लू 151, बंजार में 145, आनी में 139 केंद्र बनाए जाएंगे। मंडी जिला के सुंदरनगर में 105, करसोग में 104, नाचन 113, सिराज में 129, द्रंग 128, जोगिंद्रनगर 130, मंडी 104, बल्ह 99, सरकाघाट 110 पोलिंग बूथ स्थापित किए जाएंगे। शिमला के रामपुर में 150 और किन्नौर जिला में 126 मतदान केंद्र स्थापित होंगे।
मंडी जिला में मतदाता प्रतिशत 60 फीसदी
मंडी संसदीय क्षेत्र में जिला मंडी के नौ विस क्षेत्रों में मतदाता प्रतिशत 60 प्रतिशत है। वहीं, अन्य जिलों के क्षेत्रों मतदाताओं का प्रतिशत 40 फीसदी है। मंडी जिला के नौ विस क्षेत्रों में कुल मतदाता 776596 हैं, जबकि अन्य जिलों के मतदाता 495404 हैं।
पेड न्यूज और विज्ञापनों पर रहेगी तीखी नजर
इलेक्शन के दौरान पेड न्यूज और विज्ञापनों पर नजर रखने के लिए एक टीम सभी समाचार पत्रों और न्यूज चैनलों पर नजर रखेगी। वहीं, सोशल मीडिया पर भी जिला निर्वाचन अधिकारी की अगुवाई में भी टीम हर समय नजर रखेगी।
1530 वैलेट यूनिट और 1454 वीवीपैट
संसदीय क्षेत्र में चुनावों के लिए 1530 वैलेट यूनिट, 1485 कंट्रोल यूनिट और 1454 वीवीपैट मशीनों से वोटिंग की जाएगी। 7 मार्च तक इन सभी मशीनों के निरीक्षण का कार्य पूरी तरह से कर लिया गया है। मशीनों के तुरंत खराब होने के स्थिति में अतिरिक्त मशीनों की व्यवस्था पहले से ही की जाएगी, ताकि मतदान में कोई परेशानी न हो।
दिव्यांगों को बूथ तक लाने को मिलेगी सुविधा
मतदान के दौरान दिव्यांगों को बूथ तक पहुंचाने की जिम्मेदारी बूथ लेवल ऑफिसर की होगी। दिव्यांगों को वोटिंग के लिए लाने के लिए बीएलओ स्वयंसेवियों की सेवाएं ले सकते हैं। इस दौरान दिव्यांगों को कोई परेशानी न हो, इस बात का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
24 पोलिंग बूथ अति संवेदनशील
मंडी संसदीय क्षेत्र में 24 पोलिंग बूथ अति संवेदनशील घोषित किए गए हैं। वहीं, 82 संवेदनशील पोलिंग बूथ हैं। इन सभी पोलिंग बूथों पर मतदान के दौरान पैरामिलिट्री फोर्स तैनात रहेंगी। वहीं, अन्य स्टेशनों पर पुलिस और होमगार्ड जवान सुरक्षा का जिम्मा संभालेंगे।
पांच के स्थान पर इस बार 4 की ड्यूटी
मतदान केंद्रों में इस बार पांच कर्मचारी और अधिकारियों के स्थान पर 4 की ही ड्यूटी लगाई जाएगी। वहीं, सुरक्षा के लिए हर दो सुरक्षा गार्ड तैनात किए जाएंगे। इस प्रकार प्रत्येक बूथ पर सुरक्षा गार्डों सहित छह कर्मचारी अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे।
सी विजिल से निपटाई जाएंगी शिकायतें
इस बार सी विजिल से चुनावों के दौरान आने वाली शिकायतों पर चुनाव अधिकारियों की नजर रहेगी। यह प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन होगी। चुनाव आयोग के सॉफ्टवेयर में कोई भी शिकायत कर सकता है, शिकायत के पांच मिनट के अंदर ही टीम कार्रवाई करेगी। अगर कार्रवाई तुरंत नहीं होगी तो भी इसके लिए शिकायतकर्ता को रिस्पांस दिया जाएगा। इसके साथ ही समाधान और सुविधा विधियों से भी कर्मचारियाें और जनता की शिकायतों का समाधान किया जाएगा।
वोटर हेल्पलाइन 1950 पर करें संपर्क
उपायुक्त एवं निर्वाचन अधिकारी ऋग्वेद ठाकुर ने कहा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के अलावा किसी भी प्रकार की चुनावों से संबंधित समस्या के समाधान के लिए वोटर हल्पलाइन 1950 पर हर समय संपर्क किया जा सकता है। इससे तुरंत जनता की समस्या का समाधान किया जाएगा।