मंडी। छोटी काशी के आराध्य देव बाबा भूतनाथ मंदिर में 28 दिनों से स्वयंभू शिवलिंग पर करीब सवा क्विंटल मक्खन श्रद्धालुओं की ओर से चढ़ाया जा चुका है। इसके चलते शिवलिंग का विशाल स्वरूप दिखाई दे रहा है। बाबा भूतनाथ के दर्शनों के लिए हर रोज दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। करीब एक माह के बाद चार मार्च की सुबह शिवलिंग का पूरे विधि विधान के साथ जलाभिषेक किया जाएगा। इसी दिन शिवरात्रि का भी शुभारंभ होगा। इसके अलावा शिवरात्रि महोत्सव के आगमन पर सिद्धकाली मंदिरों में भी शिवलिंग पर मक्खन चढ़ाया गया है। वहीं चढ़ावे के मक्खन को मंदिर में आरती के समय दीपों को प्रज्वलित करने में प्रयोग कयिा जाएगा। मान्यता के मुताबिक चर्म रोगों को ठीक करने के लिए जरूरतमंदों में यह मक्खन वितरित किया जाएगा।
एकादश रुद्र मंदिर में जारी है अखंड पाठ
ब्यासघाट पर स्थित एकादश रुद्र मंदिर में चौथे दिन भी अखंड जाप की स्वर लहरियां जारी हैं। मंदिर में दिनभर हजारों श्रद्धालु शीश नवाजने पहुंच रहे है। शुक्रवार को एसपी मंडी गुरदेव चंद ने सपरिवार शीश नवाया। मंदिर के पुजारी सत सुंदरम ने बताया कि चार मार्च को सुबह 9 बजे विधि विधान के साथ अखंड जाप का समापन होगा। पांच मार्च को मंदिर में भंडारा वितरित किया जाएगा।