पधर (मंडी)। मौसम खुलने के बावजूद मंडी-पठानकोट एनएच पर यातायात ठप है। हाईवे बहाली का काम शुरू न होने से ग्रामीण रोष में हैं। स्थानीय लोगों ने फौरन यातायात बहाल करने की मांग उठाई है। ग्राम पंचायत उरला के पूर्व उप प्रधान लाल चद, नरोत्तम, बुद्धि सिंह, शेर सिंह, सुंदर लाल, तिलक राज, खुशहाल चंद, तिलक राज, रंगीला राम, नेक राम और संजय कुमार ने कहा कि एनएच पूरी तरह बंद होने से आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि दो दिन से मौसम बिल्कुल साफ चल रहा है। उन्होंने एनएच बहाल करने को लेकर कार्य शुरू करने की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि आठ किमी के सफर के लिए सैकड़ों रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। यहां पर लोगों ने एनएच की बहाली तक अतिरिक्त बस सेवा देने की भी मांग उठाई है। सोमवार को भी लोग पधर और जोगिंद्रनगर आने जाने के लिए घटनास्थल के ऊपर पहाड़ी से पैदल सफर करते रहे। समीप के मसवाहन और सास्ती गांव में मंगलवार को समारोह हैं। जिसके लिए लोगों को सामान आदि पैदल सफर तय कर घर पहुंचाना पड़ा। सोमवार को घटनास्थल पर होमगार्ड के जवान दिन भर ड्यूटी देने के साथ साथ लोगों को पैदल रास्ता आर पार कराते रहे। वहीं, लोक निर्माण विभाग एनएच और बीएंडआर विंग के मजदूर भी घटनास्थल पर मौजूद रहे।