धर्मपुर (मंडी)। सीएम जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के चोलथरा में 39.65 करोड़ की कांढापतन-सरकाघाट उठाऊ पेयजल योजना का शुभारंभ गया। इस योजना से करीब 31000 की आबादी को लाभ मिलेगा। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर घर में पीने का पानी मुहैया करवाने के लिए प्रयासरत है। वहीं, हर सिंचाई योजना अधिकांश खेतों तक पहुंचाकर किसानों की आर्थिकी को बढ़ाने की कोशिश की जाएगी। सीएम करीब साढ़े बारह बजे सरकाघाट पहुंचे और धर्मपुर विसक्षेत्र में करोड़ों की योजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास किया।
उन्होंने क्षेत्र में विभिन्न सड़क मार्गों के निर्माण एवं मेटलिंग के लिए 1.40 करोड़ रुपये, पुल निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये और चार राजकीय उच्च माध्यमिक पाठशालाओं में प्रयोगशाला और विज्ञान खंडों के लिए एक-एक करोड़ देने की घोषणा की। क्षेत्र में ड्राइविंग स्कूल के सुधार के लिए भी धनराशि देने की घोषणा की। विभिन्न संस्थाओं और कई लोगों ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए चेक के माध्यम से अंशदान किया। कई सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक एवं धार्मिक संगठनों ने मुख्यमंत्री को सम्मानित किया और मुख्यमंत्री बनने के बाद धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में पहली बार आने पर उनका अभिवादन किया। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा, विधायक सरकाघाट कर्नल इंद्र सिंह, विधायक नाचन विनोद कुमार, करसोग के विधायक हीरा लाल के अलावा विधायक राकेश जम्वाल, विधायक प्रकाश राणा, इंद्र सिंह गांधी, विधायक भोरंज कमलेश कुमारी, उपायुक्त मंडी ऋग्वेद मिलिंद ठाकुर, एसपी मडी गुरदेव चंद के अलावा शिशु धर्मा, संजीव कटवाल, त्रिलोक जम्वाल आदि मौजूद रहे।
ये किए शिलान्यास और शुभारंभ
1193.11 लाख से टिहरा में संयुक्त कार्यालयों का होगा निर्माण। वहीं नए आईपीएच सब डिविजन कार्यालय का भी शुभारंभ टिहरा में किया। यह निर्माण 158.23 लाख से हुए हैं। उन्होंने तासली नल्ला ब्रिज का भी नींव पत्थर रखा। यह ब्रिज करीब 90.48 लाख की लागत से बनेगा। इसके अलावा 74.83 लाख से बनने वाले बजौरा नाला ब्रिज की आधारशिला रखी। 91.74 लाख से सजाओ- चितरैणा मार्ग के अलावा 140.04 लाख से बनने वालो एक्सईएन आईपीएच रेजिडेंस कांप्लेक्स, धर्मपुर तहसील कार्यालय के लिए 675.64 लाख, ग्राम चौलथरा पेयजल योजना के लिए 317 लाख और कांढापतन अवाहदेवी पेयजन योजना का नींव पत्थर भी रखा। यह योजना करीब 595.32 लाख से बनेगी।