मंडी/पंडोह। जिलाभर में बारिश से शुक्रवार देर रात काफी नुकसान हुआ है। चंडीगढ़-मनाली एनएच-21 डयोड के समीप काफी मात्रा में मलबा गिरने से लगभग तीन घंटे तक वाहनों की आवाजाही के लिए बाधित रहा। उसके बाद एनएच वन-वे कर दिया। शाम लगभग सवा पांच बजे एनएच के दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही शुरू हुई। वहीं, मंडी-कटौला-बजौरा सड़क टिहरी के समीप मलबा गिरने से बाधित रही। यह सड़क दोपहर बाद तीन बजे बहाल हुई। उधर, लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता लाभ सिंह ने कहा कि भारी पत्थर और मलबा गिरने से मार्ग अवरुद्ध हो गया था। उधर, पंडोह-गोहर सड़क पर छपराहण के समीप मलबा गिरने से लगभग दो घंटे वाहनों की आवाजाही बाधित रही। जिसके कारण मंडी और गोहर की ओर आने-जाने वालों लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सड़क बंद होने से मिल्कफेड की गाड़ी भी दो घंटे फंसी रही। उपायुक्त मंडी संदीप कदम ने कहा कि सभी सड़कों को शाम तक बहाल कर दिया था। एनएच-21 पर मलबा गिरने के कारण लोगों और पर्यटकों को अन्य संपर्क मार्गों के प्रयोग की हिदायत दी थी।
सतरेहड़ में सड़क धंसने से यातायात बाधित
धर्मपुर (मंडी)। उपमंडल की भरौरी पंचायत के सतरेहड़ में सड़क धंसने से यातायात बाधित हो गया है। इससे लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। देर रात को हुई भारी वर्षा से फिर यह मार्ग धंसना शुरू हो गया है और यहां से यातायात बाधित हो गया है। शनिवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे मार्ग पर धर्मपुर-चंबा बस फंस गई और बड़ी मुश्किल से ड्राइवर ने उसे वहां से निकाला है। गांववासियों अच्छर सिंह, सोहन सिंह, नरैण सिंह, अमर सिंह, पवन कुमार, जानकी राम, दौलत राम का कहना है कि उनके घरों को भी इससे खतरा बना रहता है और विभाग और सरकार को इसका स्थायी हल ढूंढना चाहिए। इसके साथ ही क्षेत्र के दर्जनों संपर्क मार्ग बाधित हो गए हैं। उधर, लोनिवि के मंडल धर्मपुर के अधिशाषी अभियंता प्रमोद कश्यप ने कहा कि सतरेहड़ में जमीन दलदली होने के कारण अभी वहां कुछ नहीं हो सकता है लेकिन, यातायात बहाल रहे इसके लिए सूचना मिलते ही जेसीबी वहां भेज दी है।
जाहू-कलखर सुपर हाईवे दो घंटे बाधित
सरकाघाट (मंडी)। भारी वारिश के चलते उपमंडल की आधा दर्जन सड़कें बाधित हो गईं। जाहू-कलखर सुपर हाईवे तमलेड़ के पास दो घंटे बाधित रहा। इसके अलावा क्षेत्र के ढलवान-कलखर वाया पटड़ीघाट सड़क पर भी सिलह नामक स्थान पर चट्टान गिरने के कारण चार घटों तक वाहनों की आवाजाही बंद रही। उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता महेश राणा ने बताया कि शाम होने तक सभी सड़कें बहाल कर दी हैं।