मंडी। कोरोना संक्रमण का प्रकोप मंडी जिला में थमता जा रहा है। बुधवार को कोरोना से कोई जान नहीं गई है। 3591 लोगों की कोविड जांच में 31 संक्रमित पाए गए हैं। आरटीपीसीआर के 163 सैंपल लिए गए, जिसमें महज 3 संक्रमित निकले हैं जबकि 3428 की आरएटी के तहत जांच हुई है। इसमें नेरचौक मेडिकल कॉलेज के दो प्रशिक्षु चिकित्सकों समेत 28 पॉजिटिव पाए गए हैं।
मंडी जिला में कोविड रोधी टीकों की अब तक 3.88 लाख से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र शर्मा ने बताया कि कोविड टीकाकरण महा अभियान की शुरुआत के बाद से 15 जून तक जिला में टीके की कुल 3 लाख 88 हजार 492 डोज दी गई हैं, जिसमें से 314196 पहली और 74296 को टीके की दूसरी डोज दी जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि जिला में अब तक संक्रमण के कुल 26723 मामले आए हैं, जिनमें से 25923 लोग कोरोना को मात देकर स्वस्थ हो चुके हैं। वर्तमान में जिला में 421 एक्टिव मामले हैं।
कोरोना के पूरी तरह से समाप्त होने तक बिल्कुल लापरवाही न बरतें। सुरक्षा के आसान उपायों को लगातार अपनाकर कोरोना मुक्ति की निर्णायक जंग में सहयोगी बनें। सही तरीके से मास्क लगा कर रखें, हाथों को थोड़ी-थोड़ी देर में साबुन से धोते रहें या सैनिटाइजर का प्रयोग करें और दो गज की सुरक्षित दूरी के नियम का पालन करें।