बगीचा थुल्हन गांव के 1500 बाशिंदों को मिलेगी सड़क सुविधा की सौगात
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। ग्रामीण क्षेत्र रोपा पधर पंचायत के दो गावों बगीचा और थुल्हन के बाशिंदों को जल्द ही सड़क सुविधा मिलेगी। करीब डेढ़ किलोमीटर संपर्क सड़क के निर्माण पर अनुमानित 25 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस सचिव जीवन ठाकुर ने इस सड़क के निर्माण कार्य का भूमि पूजन भी किया। वहीं, पादका से कुमहार पीपली रोड का उद्घाटन किया।
लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता लाल चंद ने बताया कि एक साल के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। करीब 1500 आबादी वाले दो गावों में सड़क सुविधा न होने से गंभीर मरीज भी पैदल चलकर मुख्य सड़क तक पहुंचाए जाते थे। ग्रामीणों के मुताबिक छाणंग नाला भी पैदल पार करना पड़ता था। अब सड़क सुविधा की कवायद शुरू हुई है। इससे पहले प्रदेश कांग्रेस सचिव जीवन ठाकुर ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र जोगिंद्रनगर में सड़कों का विस्तार स्वास्थ्य सुविधाओं, संसाधनों में विस्तार का प्रयास प्रदेश कांग्रेस सरकार के माध्यम से किया जा रहा है।