18 सितंबर को मनाया जाएगा राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस : अपूर्व देवगन
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। जिले में 18 सितंबर को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया जाएगा। अभियान के तहत 1 से 19 वर्ष आयु के 2,18,561 बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, 1 से 5 वर्ष के 56,505 बच्चों को विटामिन-ए की खुराक दी जाएगी।
उपायुक्त अपूर्व देवगन ने मंगलवार को अभियान की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए अभिभावकों से बच्चों को कृमिनाशक दवा दिलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कृमि संक्रमण से बचाव बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और शारीरिक-मानसिक विकास के लिए जरूरी है।
उन्होंने बताया कि दवा सभी संबंधित आंगनबाड़ी केंद्रों और शिक्षण संस्थानों में पहुंचा दी गई है। बच्चों को स्वास्थ्य कर्मियों और अध्यापकों की निगरानी में दवा खिलाई जाएगी। 18 सितंबर को छूटे बच्चों को 23 सितंबर के मॉप-अप डे पर दवा दी जाएगी। जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पवनेश महंत ने बताया कि 1 से 2 वर्ष के बच्चों को एल्बेंडाजोल की आधी और 2 से 19 वर्ष के बच्चों को पूरी गोली दी जाएगी। दवा चबाकर या पीसकर खिलाई जाएगी।