मंडी। कोटली स्कूल के प्रधानाचार्य का तबादला होने पर बिफरे विद्यार्थियों ने मंडी पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। डीसी आफिस परिसर में माधोराय मंदिर के बाहर गाड़ियों में पहुंचे विद्यार्थियों ने प्रधानाचार्य का तबादला आदेश रद्द करने की मांग की। विद्यार्थियों का तर्क था कि प्रधानाचार्य विद्यालय और विद्यार्थियों की उन्नति के लिए संजीदा है। जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद के साथ वह खुद कक्षाएं लगाते हैं। इस दौरान कुछ बच्चे भावुक भी हुए। इस प्रदर्शन को लेकर हर कोई हैरान था। इसके बाद विद्यार्थी उपायुक्त से मिले और ज्ञापन दिया। डीसी ने विद्यार्थियों के मंडी पहुंचने के प्रकरण की जांच के आदेश दे दिए हैं। विद्यार्थियों में अंकिता ठाकुर, नवीन कुमार, दीपक कुमार, निशा देवी, आकृति, इशा देवी, कविता, नेहा, ऋतिक, मोनिका, बविता, अंजली, कल्पना, दीक्षा, प्रियंका, ज्योति, पंकज कुमार, गीता देवी, मीना देवी, कुंती देवी इस दौरान मौजूद रहे।
............
स्कूल छोड़कर इतने विद्यार्थी कैसे पहुंचे मंडी, जांच शुरू
प्रदर्शन को लेकर काफी सवाल उठना शुरू हो गए हैं। विद्यार्थियों ने उपायुक्त मंडी को ज्ञापन सौंपते हुए तबादला रुकवाने की मांग तो कर दी है, लेकिन उपायुक्त ने इसी मांग को संबंधित विभाग के अधिकारियों को भेज दिया है। साथ ही बच्चे इतनी संख्या में मंडी कैसे पहुंच गए, इसके भी जांच के आदेश दे दिए हैं। चर्चा है कि कहीं तबादला रुकवाने के लिए प्रपंच तो नहीं रचा गया। विद्यार्थियों की संख्या 100 से अधिक थी। बताया जा रहा है कि टैक्सियां करके भी बच्चे मंडी पहुंचे थे। हालांकि बच्चों ने कहा कि वह अपनी मर्जी से पहुंचे हैं।
.......
नियमानुसार होगी कार्रवाई
उपायुक्त मंडी ऋग्वेद ठाकुर ने कहा कि ज्ञापन को शिक्षा विभाग को भेजा गया है। उच्च शिक्षा उपनिदेशक को जांच के आदेश भी दिए हैं ताकि इसका पता लगाया जा सकें कि बच्चे स्कूल की पढ़ाई छोड़कर मंडी क्यों पहुंचे। उधर उच्च शिक्षा उपनिदेशक का कहना है कि जांच में यदि किसी की लापरवाही निकली तो नियमानुसार कार्रवाई होगी।