मंदिर किनारे अवैध बस्ती को लेकर भड़कीं महिलाएं
कहा-शहरवासियों की आस्था का प्रतीक है पंचवक्त्र मंदिर
डीसी को सौंपा ज्ञापन, नदी का बहाव मचा सकता है तबाही
अमर उजाला ब्यूरो
मंडी। भारतीय पुरातत्व विभाग के अधीन मंडी शहरवासियों की आस्था से जुड़े पंचवक्त्र शिव मंदिर का अस्तित्व खतरे में है। मंदिर किनारे अवैध रूप से बसी बस्ती और वहां पसरी गंदगी मंदिर की सुंदरता को ग्रहण लगा रही है। आलम यह है कि आए दिन यहां हुल्लड़बाजी और नशे में चूर होकर कई लोग माहौल को खराब कर रहे हैं। यहीं नहीं, ऐतिहासिक धरोहर को भी नुकसान पहुंच सकता है। इस माहौल में महिलाओं, बच्चों और युवतियों का यहां से गुजरना मुश्किल हो रहा है। ऊपर से ब्यास के किनारे खुले में शौच से संपूर्ण स्वच्छता की धज्जियां उड़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही तो वहीं बरसात में ब्यास के बहाव में अवैध रूप से बसी बस्ती कभी भी बह सकती है और यहां रहने वालों की जान जोखिम में डाल सकती है। लेकिन वोटबैंक की खातिर कुछ सियासी लोग ऐसे मामलों को शह देकर इस मंदिर की ऐतिहासिकता को दांव पर लगा रहे हैं। उधर, मंडी शहर की धार्मिक संस्थाओं ने इस संदर्भ में अब आवाज बुलंद करना शुरू कर दी है। महिलाओं समेत मंगलवार को लोगों ने डीसी को ज्ञापन सौंपते हुए यहां व्यवस्था सुधारने की गुहार लगाई है।
ब्यास किनारे अलर्ट पर इन लोगों को छूट
एक तरफ प्रशासन ने ब्यास किनारे पानी के तेज बहाव के चलते अलर्ट घोषित किया हुआ है। ब्यास किनारे फोटो लेना या नदी किनारे जाने पर मनाही है। लेकिन दूसरी तरफ पंचवक्त्र मंदिर के समीप प्रशासन के यह फरमान कोरे साबित हो रहे हैं। ब्यास के तेज बहाव के किनारे यहां अवैध रूप से लोग बस्ती बसाए बैठे हैं।
यह कहना है कि लोगों का
वीरमंडल के प्रधान चंद्रशेखर वैद्य, उप प्रधान कीर्ति वैद्य और महासचिव कृष्ण कुमार ने बताया कि ब्यास और सुकेती नदियों के संगम पर स्थित ऐतिहासिक पंचवक्त्र मंदिर जो पुरातत्व विभाग के अधीन है, में लोग पूजा अर्चना करते हैं। वहीं, सुबह सायं लोग टहलने के लिए यहां आते हैं। इसी रास्ते से कई कारोबारी, स्कूल और कॉलेज के बच्चे भी गुजरते हैं लेकिन मंदिर परिसर के साथ लगती प्रवासी बस्ती में रह रहे लोग आए दिन माहौल को खराब कर रहे हैं। ये लोग जहां गंदगी फैला रहे हैं वहीं, शराब के नशे में ये लोग हुड़दंग भी मचा रहे हैं। स्थानीय लोगों सहित वीरमंडल के पदाधिकारियों ने उपायुक्त से मांग की है कि पंचवक्त्र बस्ती में रहने वाले लोगों को अन्यत्र स्थानांतरित कर इस जगह पर पार्क का निर्माण किया जाए।
बढ़ेगी गश्त, शिफ्टिंग के हो रहे प्रयास
डीसी मंडी ऋग्वेद ठाकुर ने ज्ञापन मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि यह मामला उनके ध्यान में है। बस्ती वालों को शिफ्ट करने के प्रयास किए जा रहे हैं। नगर परिषद को इस बाबत निर्देश दिए जा चुके हैं। पुलिस प्रशासन को यहां गश्त बढ़ाने के लिए कहा गया है। उन्होंने माना कि ब्यास में पानी का बहाव उफान पर है। ऐसे में कोई भी हादसा हो सकता है। उन्होंने कहा कि प्रशासन इस संदर्भ में उचित कदम उठाएगा।