मंडी। 22 वर्ष बाद हो रहे व्यापार मंडल मंडी की चुनावों के लिए चेहरे तय हो गए हैं। दो दशक बाद कुर्सी के लिए हो रही यह जंग अब रोचक हो गई है। नामांकन वापसी के अंतिम दिन महासचिव पद के लिए दो प्रत्याशियों ने परचे वापस लिए हैं। इससे अब महासचिव पद के लिए सीधी टक्कर होगी। वहीं, प्रधान पद के लिए मुकाबला चौकोना ही होगा। प्रधान पद के लिए किसी भी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया है। चुनाव के लिए चिन्ह की बजाए बैलेट पेपर पर प्रत्याशियों के नाम से चुनाव करवाए जाएंगे। अब मुकाबले तय होने के बाद प्रत्याशियों ने समर्थन जुटाने के लिए डोर टू डोर के साथ ही सोशल मीडिया पर मुहिम तेज कर दी है। अब विजन डॉक्यूमेंट के साथ प्रत्याशी व्यापारियों के बीच में जा रहे हैं। वहीं, सोशल मीडिया पर भी चुनावी जंग तय हो गई है। फेसबुक, व्हॉट्सऐप पर प्रत्याशी वोट की अपील कर रहे हैं। इसके लिए बाकायदा विजन डॉक्यूमेंट को सोशल मीडिया पर वापस लिया जा रहा है। व्यापारियों को विजन डॉक्यूमेंट के जरिये लुभाने की कोशिश की जा रही है। वहीं, ट्रेड यूनियनों के समर्थन के लिए जोड़ तोड़ शुरू हो गई है। प्रत्याशी समर्थकों के साथ बाजार वाइज प्रचार कर वोट की अपील कर रहे हैं।
प्रधान पद के लिए चौकोना होगा मुकाबला, महासचिव के लिए सीधी टक्कर
प्रधान पद लक्ष्मेंद्र गुलेरिया, सुधीर कूपर, राजा महेंद्रु, तिलक राज शर्मा मैदान में हैं। प्रधान पद के लिए इस बार जंग रोचक होगी। महासचिव पद के लिए अब मुकाबला अशोक शर्मा और प्रशांत बहल के बीच होगा। महासचिव पद के लिए सरिता हांडा, हितेश विष्ट ने नाम वापस ले लिया है। अब इस पद के लिए दो प्रत्याशियों में सीधी टक्कर होगी।
बैलेट पेपर पर प्रत्याशियों के नाम से चुनाव : प्रभारी
चुनाव प्रभारी व्यापारी आशुतोष पाल, अजीत कपूर, धर्मपाल गुप्ता ने कहा कि नामांकन वापसी के दिन महासचिव पद के दो प्रत्याशियों ने नाम वापस लिया है। अब महासचिव पद के लिए सीधी टक्कर होगी। जबकि, प्रधान पद के लिए चार लोगों के बीच में मुकाबला होगा। बैलेट पेपर पर व्यापारियों के नाम से चुनाव होंगे। विपाशा सदन में 29 अप्रैल को चुनाव आयोजित होंगे।