अमर उजाला ब्यूरो
मंडी। लोकसभा चुनाव-2019 के लिए नामांकन की प्रक्रिया सोमवार को शाम तीन बजे समाप्त हो गई। 22 से 29 अप्रैल तक चली नामांकन प्रक्रिया में हाट सीट मंडी के लिए कुल 21 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इनमें दो कवरिंग प्रत्याशी भी शामिल हैं। ब्रिगेडियर खुशहाल चंद ठाकुर ने भाजपा और पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी ने कांग्रेस के कवरिंग उम्मीदवार के रूप में अपने पर्चे भरे हैं। आठ आजाद उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरे हैं।
अंतिम दिन सोमवार को छह प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र जिला निर्वाचन अधिकारी को प्रस्तुत किए। मंडी संसदीय क्षेत्र से मौजूदा सांसद रामस्वरूप शर्मा ने भाजपा और आश्रय शर्मा ने कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर पर्चा भरा। इनके अलावा भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के शिव लाल ठाकुर, बहुजन समाज पार्टी के सेस राम, सीपीएम के दलीप सिंह कायथ, ऑल इंडिया फारवर्ड ब्लॉक के चंद्रमणी, राष्ट्रीय आजाद मंच के मेहर सिंह, राष्ट्रीय क्रांतिकारी समाजवादी पार्टी के बली राम, पीपुल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिक) के खेमचंद, स्वाभिमान पार्टी के करतार चंद और अंबेदक राइट पार्टी ऑफ इंडिया के राजेंद्र सूर्यवंशी ने पार्टी प्रत्याशी के रूप में अपने नामांकन भरे।
दो मई को जारी होगी उम्मीदवारों की सूची
जिला निर्वाचन अधिकारी ऋग्वेद ठाकुर ने कहा कि 30 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। दो मई को प्रात: 10 से सांय 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकते हैं। दो मई को नाम वापस लेने की समयावधि पूर्ण होने के उपरांत उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी जाएगी। 19 मई को वोट डाले जाएंगे। परिणाम की घोषणा 23 मई को मतगणना के उपरांत निर्वाचन अधिकारी मंडी करेंगे।
ये हैं आजाद उम्मीदवार
जिला किन्नौर की निचार तहसील के गुमान सिंह, जोगिंद्रनगर के बृज गोपाल, ठियोग तहसील के धर्मेंद्र सिंह ठाकुर, सुंदरनगर के कर्नल ठाकुर सिंह, जिला सोलन कंडाघाट के देवराज भारद्वाज ने आजाद उम्मीदवार के तौर पर अपने नामांकन पत्र भरे। इसके अलावा सुंदरनगर के घनश्याम चंद ठाकुर, थुनाग के नरेंद्र कुमार, कुल्लू जिले के आनी के सुभाष मोहन स्नेही ने भी स्वतंत्र प्रत्याशी के तौर पर अपने नामांकन दाखिल किए।