मंडी। दूरदराज क्षेत्रों से सस्ते और बेहतर सरकारी इलाज की आस लेकर मंडी जोनल अस्पताल पहुंचने वाले रोगी सावधान हो जाएं। अस्पताल के इर्द-गिर्द सस्ती दवाएं और सस्ते मेडिकल टेस्ट के नाम से मरीजों और तीमारदारों को झांसे में लेकर ठगने वाले शातिरों का गिरोह सक्रिय है। ग्रामीण परिवेश के लोग इनके निशाने पर हैं। ये शातिर न केवल आपसे पैसे ऐंठ सकते हैं, बल्कि फर्जी टेस्ट रिपोर्ट और दवाएं देकर आपकी जिंदगी से भी खिलवाड़ कर सकते हैं। ऐसे कुछ मामले अस्पताल प्रबंधन के सामने आए हैं। प्रबंधन ने ऐसे शातिरों से जागरूक करने की मुहिम छेड़ते हुए अस्पताल के बाहर बोर्ड चस्पां कर दिए हैं। साथ ही हेल्पलाइन नंबर जारी करते हुए लोगों को इनके झांसे में न आने की अपील की है।
इस तरह बनाते हैं निशाना
कुछ लैब और मेडिकल स्टोरों के नाम पर शातिर उनके नुमाइंदे बनकर अस्पताल परिसर में मरीजों को अपने जाल में फांसते हैं। ये लोग दिनभर आने-जाने वाले मरीजों पर नजर रखते हैं। जरूरतमंद और मासूम लोगों को ये अपना निशाना बनाते हैं। अस्पताल में भीड़ और देरी से टेस्ट होने की बात की जाती है। जरूरतमंद लोगों को वे घेर लेते हैं और उन्हें सस्ते टेस्ट और दवाइयों के नाम पर घटिया दवाइयां और अविश्वनीय टेस्ट रिपार्ट देकर उनको लूटने में कोई कसर नहीं छोड़ते।
घटिया दवाइयां स्वास्थ्य के लिए हानिकारक
घटिया दवाइयां और अविश्वसनीय टेस्ट रिपोर्ट से मरीजों की सेहत पर बुरा असर पड़ता है। इसके चलते कई बार तो लोगों की जान तक बन आती है। इसलिए डॉक्टर हमेशा मरीजों को सलाह देते हैं कि लोग हमेशा उच्च स्तरीय दवाइयों का सेवन करें और हमेशा विश्वसनीय लैब में ही टेस्ट करवाएं।
01905222177 पर करें शिकायत : सीएमओ
सीएमओ मंडी डॉ. देशराज शर्मा ने बताया कि अस्पताल परिसर में कुछ निजी लैब और मेडिकल स्टोर के नाम पर मरीजों को गुमराह करने के मामले सामने आए हैं। प्रबंधन की तरफ से इन लोगों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया था, लेकिन अगर दोबारा इस तरह के लोग यहां पर सक्रिय हैं तो उन पर कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। मरीजों और तीमारदारों को जागरूक करने के लिए बोर्ड लगाए जा चुके हैं। यदि कोई ऐसा मामला सामने आता है तो रोगी और तीमारदार 01905222177 नंबर पर शिकायत अथवा सूचना दे सकते हैं।