पंडोह (मंडी)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खुनाची में लंबे समय से शिक्षकों के पद रिक्त चल रहे हैं। विभाग ने आज तक इन रिक्त पड़े पदों को भरने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई है। इसके चलते बच्चों की पढ़ाई पर बुरा असर पड़ रहा है। महत्वपूर्ण विषयों के सिलेबस में बच्चे पिछड़ गए हैं। अभिभावकों का कहना है कि स्कूलों में अध्यापक न होने के चलते बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। दिन में एक दो विषयों की कक्षाएं लगाने के बाद बच्चे खाली ही बैठने को मजबूर हो गए हैं। एक तो पहले ही क्षेत्र के स्कूलों में बच्चों का अभाव है और जो बच्चे हैं उनकी पढ़ाई अध्यापकों के पद रिक्त होने के कारण प्रभावित हो रही है। इससे बच्चों के भविष्य पर तलवार लटकी हुई है। इस बारे में प्रधानाचार्य प्रताप सिंह ने कहा कि विद्यालय में रिक्त पड़े पदों को भरने के लिए विभाग को सूचित कर दिया है। विभाग की ओर से शीघ्र ही स्टॉफ की तैनाती कर दी जाएगी।
इन विषयों के अध्यापक नहीं
खुनाची स्कूल के एसएमसी प्रधान उत्तम चंद का कहना है कि विद्यालय में विज्ञान विषय का पद 4-5 साल से, पीजीटी अंग्रेजी का 7-8 महीने से, टीजीटी संस्कृत 2 साल से और जमा एक व दो में इतिहास विषय का पद 2 महीने से खाली पड़े हैं। इन रिक्त पदों के कारण बच्चे महत्वपूर्ण विषयों की पढ़ाई से महरूम हैं। अभिभावकों का कहना है कि अगर जल्द से जल्द इस विद्यालय में अध्यापकों की नियुक्ति नहीं होती है तो वे अपने बच्चों को मजबूरन किसी अन्य स्कूल में दाखिल करवाने को मजबूर हो जाएंगे।