नेरचौक (मंडी)। क्षेत्र में ठंड के चलते गले का इंफेक्शन, खांसी-जुकाम, बुखार, एलर्जी आदि बीमारियों का प्रकोप बढ़ गया है। वहीं बुजुर्गों को दमा व एलर्जी ने बेहाल कर दिया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रत्ती व नेरचौक के अधिकतर निजी क्लीनिकों में हर दिन इन बीमारियों से प्रभावित लोगों का आना जान चला हुआ है। इन क्लीनिकों के डॉक्टरों का कहना है कि रोजाना उनके पास 100-150 लोग इन बीमारियों से पीड़ित होने की शिकायत कर रहे हैं। अधिकतर स्कूली बच्चे इन बीमारियों से प्रभावित हो रहे हैं। बच्चों के अभिभावकों का कहना है कि वह बच्चों को गर्म कपड़े पहनाकर स्कूलों को भेज रहे हैं और उन्हें ठंड से बचाने के लिए हर प्रयास किया जाता है, लेकिन फिर भी बच्चे प्रभावित हो रहे हैं। उधर, डीएमओ बल्ह डॉ. पुष्प राज ठाकुर ने बताया कि मौसम में बदलाव के चलते तथा ठंड हो जाने के कारण यह बीमारियां आम हो जाती हैं। मौसम शुष्क हो जाने के कारण इन बीमारियों की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में हमें मौसम के बदलाव के चलते खुद को गरम रखना चाहिए तथा सर्दी से अपना बचाव रखना चाहिए। छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखना चाहिए तथा उन्हें गर्म वातावरण में ही रखना चाहिए। वहीं, रिटायर्ड सीएमओ बलदेव ठाकुर का कहना है कि जब तक बारिश नहीं होती है तब तक बीमारियां होती रहेंगी। उन्होंने कहा कि इन बीमारियों से बचने के लिए भीड़ वाले स्थानों से बचना जरूरी है।