जोगिंद्रनगर (मंडी)। अमृतसर में संपन्न रोटरी के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में हिमाचल प्रदेश के करीब 20 नवनिर्वाचित अध्यक्षों को सामाजिक सरोकारों में नवाचारों से अवगत करवाया गया। मंडी, कुल्लू, कांगड़ा, ऊना, हमीरपुर और बिलासपुर जिलों से आए नवनिर्वाचित अध्यक्षों को उनके सत्र 2026-27 के एक वर्षीय कार्यकाल के दौरान प्रस्तावित सामाजिक प्रोजेक्टों की जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।
रोटरी 3070 के जिला पर्यावरण संरक्षक एवं जोगिंद्रनगर रोटरी क्लब के वरिष्ठ सदस्य अजय ठाकुर ने बताया कि 14 दिसंबर, रविवार को अमृतसर में आयोजित सम्मेलन में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोहित ओबरॉय, पीडीजी बृजेश सिंघल, दुष्यंत चौधरी, पीएस ग्रोवर और सुरेश चौधरी की उपस्थिति में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और लेह-लद्दाख के 95 क्लबों के अध्यक्षों सहित करीब 200 डेलीगेट शामिल हुए।
इस दौरान नवनिर्वाचित अध्यक्षों को रोटरी के सामाजिक दायित्वों की जानकारी देते हुए मानव सेवा को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया गया। सम्मेलन में सुंदरनगर रोटरी क्लब से उमेश गोतम और प्रवीण अग्रवाल विशेष डेलीगेट के रूप में उपस्थित रहे। वहीं जोगिंद्रनगर रोटरी क्लब के नवनिर्वाचित अध्यक्ष विनोद राठौर को भी सत्र 2026-27 के लिए एक वर्षीय कार्यकाल की आधिकारिक जिम्मेदारी सौंपी गई।