सुंदरनगर (मंडी)। एमएलएसएम कॉलेज सुंदरनगर में चार दिवसीय पुरुष वर्ग की हॉकी अंतर महाविद्यालय प्रतियोगिता का समापन शुक्रवार को हुआ। स्पर्धा के फाइनल मुकाबले में एमएलएसएम कॉलेज सुंदरनगर और राजकीय महाविद्यालय पावंटा साहब की टीम के बीच कड़ी टक्कर हुई। जिसमें सुंदरनगर की टीम ने 1-0 के अंतर से पावंटा साहब की टीम को हराया। इससे पहले सुंदरनगर कॉलेज की छात्रा वर्ग की टीम भी इस स्पर्धा के फाइनल में जीत का परचम लहरा चुकी है।
समापन समारोह में कॉलेज के प्राचार्य पवन कुमार जम्वाल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उनके साथ ओएसए के अध्यक्ष अजय राणा भी मौजूद रहे। प्रतियोगिता का संचालन डॉ. लतेश कपूर की अध्यक्षता में किया गया। उन्होंने बताया कि इस हॉकी प्रतियोगिता में सूबे की 11 टीमों ने भाग लिया। पुरुष वर्ग में तीसरे स्थान का मुकाबला वल्लभ कॉलेज और ऊना के बीच खेला गया। जिसमें पेनल्टी स्ट्रोक में मंडी ने जीत हासिल की।