सुंदरनगर (मंडी)। राज्य विद्युत परिषद के चांगर स्थित सब स्टेशन में खंभे पर काम करते समय गिरे लाइनमैन की पीजीआई में मौत हो गई है। इससे परिषद में शोक की लहर है। जानकारी के अनुसार प्रभुराम (52) निवासी भौण बाड़ी बिजली बोर्ड में लाइनमैन के पद पर तैनात था। 18 मार्च को वह सुंदरनगर के चांगर स्थित सब स्टेशन में खंभे पर चढ़ कर कार्य कर रहा था। इसी दौरान वह अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया। इसके बाद उसे उपचार के लिए यहां के नागरिक अस्पताल में लाया गया। जहां से उसे चंडीगढ़ स्थित पीजीआई के लिए रेफर कर दिया गया। पीजीआई में उसने दम तोड़ दिया है।
डीएसपी तरनजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने हादसे के बाद प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इधर, हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड कर्मचारी यूनियन के प्रदेश उप सचिव जगमेल सिंह ने प्रभु राम के निधन पर शोक जताते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है। उन्होंने बोर्ड प्रबंधन से भी मांग की है कि वह खंभे पर चढ़ कर कार्य करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए उपकरण उपलब्ध करवाएं और भविष्य में इस तरह के हादसे न हो इसके लिए सख्त कदम उठाए।