बीबीएमबी ने ब्यास नदी से दूर रहने का किया आग्रह
जलाशय में आवक बढ़ने पर अधिक पानी छोड़ा जाएगा
संवाद न्यूज एजेंसी
पंडोह (मंडी)। मौसम विभाग के भारी बारिश के अलर्ट के बीच भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) ने मंगलवार को एहतियात के तौर पर पंडोह डैम से ब्यास में करीब 18 हजार क्यूसिक पानी छोड़ दिया है। इसके साथ ही वग्गी सुरंग के माध्यम से चार हजार क्यूसिक पानी डैहर पावर हाउस भेजा जा रहा है। बीबीएमबी ने लोगों और पर्यटकों से ब्यास नदी से दूर रहने का आग्रह किया है।
डैम में पानी की आवक के अनुसार डिस्चार्ज तय किया जा रहा है। यदि आने वाले दिनों में जलाशय में पानी और बढ़ता है तो आवश्यकता के अनुसार पानी छोड़े जाने की मात्रा भी बढ़ाई जाएगी। फिलहाल डैम के दो गेट खुले हैं और पूरे घटनाक्रम पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
बीबीएमबी के अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता चंद्रमणी शर्मा ने बताया कि लोगों की सुरक्षा के लिए पंडोह डैम का अर्ली वार्निंग सिस्टम पूरी तरह सक्रिय है। पानी छोड़ने से पहले सायरन बजाया जाता है।