मंडी कॉलेज में मांगों को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे एबीवीपी के कार्यकर्ता। स्रोत संगठन
छात्र संघ चुनाव बहाल करने और एचपीयू की फीस वृद्धि वापस लेने की मांग
एसपीयू का दायरा बहाल करने के लिए भी उठाई आवाज
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। छात्र हित की विभिन्न मांगों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी इकाई ने वीरवार को महाविद्यालय परिसर में 24 घंटे की सांकेतिक भूख हड़ताल शुरू कर दी। इसमें एबीवीपी के 18 कार्यकर्ता शामिल हुए। संगठन ने छात्र संघ चुनाव बहाल करने समेत प्रदेश स्तर की तीन प्रमुख मांगें उठाई हैं।
एबीवीपी इकाई अध्यक्ष करण ठाकुर ने कहा कि विद्यार्थी परिषद लगातार विद्यार्थियों की समस्याओं और उनके हितों से जुड़े मुद्दों को उठाती रही है। सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से मांगों पर उचित निर्णय न लिए जाने के कारण संगठन को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है। विद्यार्थियों की लोकतांत्रिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए छात्र संघ चुनाव दोबारा बहाल किए जाने चाहिए। साथ ही हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में बढ़ाई गई फीस को वापस लेने की मांग की गई। उन्होंने सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी का दायरा प्रदेश सरकार की ओर से बहाल करने की भी मांग उठाई। विद्यार्थियों की मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो विद्यार्थी परिषद लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन को आगे बढ़ाएगी। संगठन विद्यार्थियों की आवाज को मजबूती से उठाता रहेगा।