मंडी। सराज क्षेत्र की शिल्हीबागी पंचायत के जुज गांव में रविवार को एक दोमंजिला मकान आग से जलकर राख हो गया। मकान में नौ कमरे थे, सभी जल गए। आग बुझाने के प्रयास में मकान मालिक भी झुलस गया है। घटना में 15 लाख की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। प्रभावित मकान मालिक रेवत सिंह निवासी जुज ने बताया कि आग में उसकी जिंदगी भर की कमाई राख हो गई है। जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब छह बजे जब परिवार के सदस्य सोए हुए थे तो मकान में आग लग गई। पड़ोसियों के बताने पर तुरंत घर में सोए हुए लोगों को जगाया और सभी को सुरक्षित बचा लिया गया। देखते ही देखते आग पूरे मकान में फैल गई। इस पर तुरंत फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। थुनाग स्थित अग्निशमन केंद्र से वाहन घटना स्थल पर पहुंच गया और आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन प्रचंड आग के चलते पूरा मकान जल गया। हलका पटवारी की ओर से किए गए नुकसान के आकलन के अनुसार नौ कमरों के इस दो मंजिला मकान में रखे बर्तन, कपड़े, अनाज, राशन, सोना-चांदी के आभूषण, नकदी, तीन रसोई घर आदि सारा सामान जल गया। लकड़ी भी जल कर राख हो गई। घटना की सूचना मिलने पर विभागीय नायब तहसीलदार, कानूनगो और पटवारी ने घटना स्थल का दौरा कर नुकसान का आकलन कर लिया है। इसमें करीब 15 लाख की संपत्ति के नुकसान का आकलन किया गया है। उधर, हलका पटवारी हेम सिंह ने 15 लाख के नुकसान की पुष्टि की है।
...
पहली बार काम में आया थुनाग में बना अग्निशमन केंद्र
जुज गांव में हुई अग्निकांड की घटना में थुनाग में बना अग्निशमन केंद्र पहली बार काम में आया है। आग की सूचना मिलते ही यहां से अग्निशमन केंद्र का वाहन कुछ ही देर में अग्निकांड स्थल पर पहुंच गया। इस पर कर्मचारियों ने आग बुझाने का पूरा प्रयास भी किया लेकिन मकान में आग इतनी भयंकर रूप धारण कर चुकी थी कि मकान को नहीं बचाया जा सकता। उधर, फायरमैन मायाधर, तिलकराज, चालक डोला राम और होमगार्ड तेजेंद्र पाल ने बताया कि अगर आग को समय पर नहीं बुझाया गया होता तो पूरे गांव को खतरा हो जाता।
0000