सुंदरनगर (मंडी)। दि सुंदरनगर तहसील विपणन व उपभोक्ता सहकारी संघ के चेयरमैन केशव नायक के खिलाफ निदेशकों की ओर से दिया गया अविश्वास प्रस्ताव सोमवार को कोरम पूरा न होने के कारण पेश न हो सका। इसके चलते फिलहाल अध्यक्ष केशव नायक की कुर्सी बच गई है। प्रदेश में सरकार बदलने के बाद से सहकारी संघ के चेयरमैन के पद पर काबिज कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता केशव नायक को हटाने के लिए अंदरखाते मुहिम चल रही थी। पिछले माह संघ के दो निदेशकों ने कांग्रेस छोड़ भाजपा का दामन थाम लिया था। इसके बाद पांच निदेशकों वाली दि सुंदरनगर तहसील विपणन व उपभोक्ता सहकारी संघ में चेयरमैन केशव नायक की कुर्सी खतरे में पड़ गई थी। उनके खिलाफ चार निदेशकों ने गत माह उपपंजीयक सहकारी सभाएं (केंद्रीय मंडल ) मंडी को अविश्वास पत्र दिया था। इसके बाद विश्वास मत सोमवार को सुंदरनगर के तहसील विपणन व उपभोक्ता सहकारी सभा के कार्यालय में निरीक्षक संजय गौड़ की देखरेख में होना था। बैठक में एक ही निदेशक पहुंच पाया, जबकि चार अन्य निदेशक बैठक में नहीं पहुंचे। इसके कारण अविश्वास प्रस्ताव पेश नहीं हो सका। इधर, सहकारी सभाएं सुंदरनगर के निरीक्षक संजय गौड़ ने कोरम पूरा न होने की वजह से चेयरमैन के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश न होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया इसकी रिपोर्ट उपपंजीयक सहकारी सभाएं (केंद्रीय मंडल) मंडी को भेजी जा रही है। इसके बाद जो आगामी आदेश होंगे उसके अनुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
.....
नारा लेखन व पोस्टर कला प्रतियोगिता आयोजित
सुंदरनगर (मंडी)। रावमापा सिध्याणी में सामर्थ-2018 के अंतर्गत छठी से लेकर 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए सोमवार को नारा लेखन और पोस्टर कला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस मौके पर विद्यार्थियों ने पोस्टर के माध्यम से अपने विचार व्यक्त किए। इस मौके पर प्रधानाचार्य रुद्रमणी व आपदा प्रबंधन प्रभारी प्रवक्ता राकेश कुमार ने विद्यार्थियों के कार्य का अवलोकन कर उन्हें प्रोत्साहित किया।