मंडी/सुंदरनगर (मंडी)। जिले में डेंगू ने पांव पसार लिए हैं। गोहर में छात्र में डेंगू के लक्षण सामने आने के बाद पांच नए मामले और आए हैं। सभी को सुंदरनगर अस्पताल में भर्ती किया गया है। इनके खून के नमूनों की जांच जोनल अस्पताल मंडी में की गई। सभी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। डेंगू पीड़ितों में चार डैहर और एक जड़ोल का निवासी है। सुंदरनगर अस्पताल में पांचों को भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया है। डेंगू को लेकर स्वास्थ्य महकमा भी अलर्ट हो गया है। बताया जा रहा है कि डैहर के मरीज काम के सिलसिले में लगातार बिलासपुर आते जाते थे। बिलासपुर में डेंगू के मामले बड़ी संख्या में सामने आए थे। इसलिए आशंका है कि इन्हें कहीं बिलासपुर में ही तो नहीं डेंगू ने डंक मारा हो। उधर जड़ोल निवासी भी प्रदेश से बाहर नौकरी करता है। नागरिक अस्पताल में इन मरीजों को अलग वार्ड में मच्छरदानी के अंदर रखा गया है। अस्पताल प्रबंधन ने डेंगू के मरीज आने पर इसकी सूचना जिला स्वास्थ्य अधिकारी और प्रशासन को दे दी है।
...
स्थिति पर रखी जा रही नजर : डॉ. चमन
सुंदरनगर नागरिक अस्पताल के प्रभारी एवं वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. चमन ठाकुर ने बताया कि डेंगू के मरीजों को तेज बुखार होने पर यहां उपचार के लिए लाया गया था। अस्पताल में स्थित एसआरएल लैब में करवाए गए तीन मरीजों के टेस्ट में डेंगू होने की पुष्टि हुई। इसके बाद उनके सैंपल मंडी स्थित जोनल अस्पताल की लैब को भेजे गए जहां से भी पॉजिटिव रिपोर्ट आई है। दो अन्य मरीजों के सैंपल दोपहर को मंडी लैब में पुष्टि के लिए भेज दिए है। स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
....
यह है डेंगू
डेंगू एक वायरस से होने वाली बीमारी का नाम है जो एडीज नामक मच्छर की प्रजाति के काटने से होती है। इस मच्छर के काटने पर विषाणु तेजी से मरीज के शरीर में अपना असर दिखाते हैं। इसके कारण तेज बुखार और सिर दर्द जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। डेंगू होने पर मरीज के खून में प्लेटलेट्स की संख्या तेजी से घटती है। इसके कारण कई बार जान का जोखिम भी बन जाता है।
....
डेंगू के लक्षण
-कमर, मांसपेशियों, जोड़ों और सिर में तेज दर्द
-हल्की खांसी, गले में दर्द और खराश
-शरीर पर लाल-लाल दाने दिखाई देते है
-थकावट, भूख न लगना और कमजोरी
-उल्टी और दर्द
बीमारी से बचाव
- जितना हो सके खुद और बच्चों को पूरी बाजू के कपडे़ पहनाए
-घर और गली में कीटनाशक का छिड़काव जरूर करवाएं
-जितना हो सके इस मौसम में घर की खिड़कियों को बंद करके रखें
-कूड़े के डिब्बे में कूड़ा न जमा होने दें
- बासी खाना न खाएं, जूस का प्रयोग करें
0000