नेरचौक (मंडी)। उपमंडल के ढावन में भीषण अग्निकांड से प्रभावित परिवारों को प्रशासन ने फौरी राहत जारी की है। ढावन में शनिवार देररात 25 कमरों का दो मंजिला स्लेटपोश मकान जलकर राख हो गया था। आग से प्रभावित परिवारों की 25 लाख की संपत्ति जल गई है। यह मकान काष्ठकुणी शैली में बना हुआ था। मकान में बहुतायत में लकड़ी का इस्तेमाल किया गया था। प्रारंभिक जांच में शार्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है। लेकिन, अभी तक पुख्ता कारणों का पता नहीं चल सका है।
तहसीलदार बल्ह भवानी सिंह ने कहा कि शनिवार देर रात 25 कमरों की 2 मंजिला स्लेटपोश हवेली जलकर राख हो गई है। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को चार तिरपाल और फौरी राहत राशि सौंपी गई है। प्रभावितों में पुष्पराज को नकद 10000, प्रकाश चंद को 10000, हरीश को 10000 तथा सुधीर और लेखराज को पांच-पांच हजार दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह मकान पुश्तैनी हवेली थी। जिसमें 25 से अधिक कमरे थे। जिसमें 5 परिवार रहते थे। सभी परिवारों ने पहले से नए मकान बना लिए हैं। लेकिन, अभी पुराने मकान में ही रह रहे थे। उन्होंने कहा कि करीब 25 लाख की संपत्ति का नुकसान हुआ है। अधिकांश मकान लकड़ी का बना हुआ है तथा सब कुछ जलकर राख हो गया है। वहीं, प्रभावित पुष्पराज, हरीश कुमार, प्रकाश चंद, सुधीर, लेखराज ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पा रहा है। शायद किसी शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी है। प्रभावितों का कहना है कि उनकी जीवन भर की पूंजी जलकर राख हो गई है। अभी तक नए मकानों में सामान भी शिफ्ट नहीं किया था। उन्होंने प्रदेश सरकार से मदद की गुहार लगाई है।