सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर शहर में पानी की नियमित आपूर्ति की गारंटी नहीं। अकसर शहर की पेयजल व्यवस्था हांफ जाती है। इस दौरान लोगों को दिक्कत होती है। सोमवार को शहर में चौथे दिन पानी आया है। पेयजल की आपूर्ति न होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लोगों के भारी विरोध करने के बाद पानी की आपूर्ति मिली है। हालात यह हो गए हैं कि शहर के लोगों को हैंडपंप पर जाकर पीने योग्य पानी मटकों में भरकर घर लाना पड़ा। विरोध के स्वर लामबंद हुए, जिसके बार शुक्रवार शाम से बंद हुई सप्लाई सोमवार को बहाल हुई। शनिवार और रविवार को सार्वजनिक अवकाश होने के कारण लोग अपनी फरियाद भी विभाग के अधिकारियों के पास नहीं सुना पाए। इसके चलते शहरवासियों में विभाग के प्रति भारी रोष है। उधर, बार-बार आ रही इस समस्या से निजात दिलाने के लिए आईपीएच विभाग कोई कारगर कदम नहीं उठा रहा है।
इन दिक्कतों से जूझ रहा सुंदरनगर
पेयजल की नियमित आपूर्ति न होने का कारण कभी लाइट न होना, कभी मोटरें जल जाना और कभी भंडारण टैंक को जाने वाली लाइन का क्षतिग्रस्त होना तो कभी भंडारण टैंक में पानी का मांग के अनुसार भंडारण न होना बताया जाता है। लेकिन, इस समस्या का समाधान क्या है, इस बारे मेें विभाग के पास कोई जवाब नहीं मिल पाता है। लोगों के विरोध के बाद पानी की आपूर्ति बहाल की जाती है।
स्थानीय निवासी चमन लाल, अमरेंद्र, ज्योति, श्याम लाल, पवन कुमार, मालती देवी और किरण ने बताया पानी की आपूर्ति अकसर प्रभावित हो जाती है। पिछले लगभग तीन दिनों से पानी की आपूर्ति न होने के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। लोगों ने कहा कि स्थायी पेयजल आपूर्ति के लिए विभाग को प्रयास करने चाहिए। जिससे की लोगों को दिक्कत न हो।
समस्या का हल ढूंढा जाएगा
आईपीएच विभाग के अधिशासी अभियंता उदय कुमार बौद्ध से सपर्क करने पर उन्होंने कहा कि पेयजल की आपूर्ति क्यों प्रभावित है, इस मामले में रिपोर्ट तलब कर पेयजल आपूर्ति नियमित करवाने की बात कही है। उन्होंने कहा कि समस्या का स्थायी हल ढूंढा जाएगा।