अमर उजाला ब्यूरो
सुंदरनगर (मंडी)। थाइलैंड के बैंकॉक में हुई एशियाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतने वाले आशीष चौधरी का रविवार को सुंदरनगर पहुंचने पर ढोल नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया गया। दोपहर बाद सुंदरनगर पहुंचे आशीष चौधरी को लोनिवि विश्राम गृह चौक पर सबसे पहले विधायक राकेश जंवाल ने शॉल, टोपी और पुष्प गुच्छ भेंट करके सम्मानित किया और बधाई दी। बॉक्सिंग कोच नरेश वर्मा ने भी अपने शिष्य को इस उपलब्धि की बधाई देते हुए सम्मानित किया। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष राजेश भंडारी, उपाध्यक्ष सुरेंद्र नेगी आशीष चौधरी का स्वागत करने उपस्थित रहे।
यहां से खुली जीप में बैठकर आशीष चौधरी को जुगाहन पंचायत के जरल गांव में स्थित घर तक ले जाया गया। बीच रास्ते में शहरवासी आशीष चौधरी का स्वागत करके उन्हें बधाई देते रहे। घर पहुंचने पर पिता भगत राम, माता दुर्गा देवी, बहन मोनिका सहित रिश्तेदारों ने आशीष को पलकों पर बिठाया। आशीष एशियाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप के 75 किलोग्राम भार वर्ग सिल्वर मेडल जीतने वाले प्रथम हिमाचल का मुक्केबाज बना हैं। आशीष ने एशियाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप प्री-क्वार्टर फाइनल में चीन को, क्वार्टर फाइनल में किर्गिजस्तान और सेमीफाइनल में ईरान के बॉक्सर हराया था।
बॉक्सिंग के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस सुंदरनगर के कोच नरेश वर्मा ने बताया कि आशीष चौधरी सितंबर माह में रूस में होने वाली विश्व मुक्केबाजी प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करेगा। आशीष चौधरी ने कहा कि 10 साल की कड़ी मेहनत के बाद एशियाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतने के बाद गर्व महसूस कर रहा हूं। उन्होंने भारतीय बॉक्सिंग संघ, हिमाचल प्रदेश बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष राजेश भंडारी, उपाध्यक्ष सुरेंद्र और कोच नरेश वर्मा सहित प्रदेशवासियों का उन्हें बधाई देने पर आभार जताया। इस मौके पर बाक्सिंग कोच मान सिंह ठाकुर, सुरेश चौधरी, अनिल गुलेरिया, मुकेश चंदेल, नरेश चंदेल, ब्रह्मदास चौहान सहित कई ग्रामीण भी मौजूद रहे।