लडभड़ोल (मंडी)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लडभड़ोल में अब एक्सरे हो सकेंगे। रोगी कल्याण समिति ने एक्स-रे तकनीशियन को 50 प्रतिशत कमीशन पर रखने का निर्णय लिया है। सीएचसी में मूलभूत सुविधाओं पर भी विस्तार से मंथन किया गया। बायो मेडिकल वेस्ट मटीरियल को ट्रीटमेंट प्लांट लगाकर निष्पादन का फैसला लिया गया ताकि पर्यावरण से खिलवाड़ न हो सके। शनिवार को खंड चिकित्सा कार्यालय लडभड़ोल परिसर में रोगी कल्याण समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष एवं एसडीएम जोगिंद्रनगर अमित मेहरा ने की। इस दौरान कार्यकारी खंड चिकित्सा अधिकारी अरुणा कुमारी और जोगिंद्रनगर के विधायक प्रकाश राणा भी मौजूद रहे।
यह होंगे काम
- डेंटल विभाग की डेंटल कुर्सी की मरम्मत करवाने की अनुमति
- 40 प्रतिशत कमीशन पर रखे जाएंगे लैब तकनीशियन
- लैब, माइनर ओटी और लेबर रूम के बायो वेस्ट के लिए ट्रीटमेंट प्लांट
- ओपीडी में लगेंगे बेहतर पर्दे, दवाई भंडारण कक्ष में टाइलें
- फॉर्मेसी विभाग की छत व शौचालयों की मरम्मत
भवन पर होगा रंग-रोगन
अस्पताल परिसर में नए-पुराने भवन को बेहतर बनाने के लिए रंग-रोगन और मरम्मत की जाएगी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खंड लडभड़ोल के पुराने भवन के दवाई भंडारण कक्ष में टाइल लगाई जाएगी। अस्पताल के नए भवन के शौचालयों में दिव्यांगों एवं वरिष्ठ नागरिक मरीजों के लिए स्टैंडिंग सीट लगाने की अनुमति दी गई। इसके साथ ही अस्पताल में प्रति घंटे के हिसाब से स्वीपर रखने का फैसला लिया गया।
...
मूलभूत सुविधाओं का होगा विस्तार : एसडीएम
एसडीएम अमित मेहरा ने कहा कि अस्पताल में मरीजों को किसी तरह की असुविधा न हो इसके लिए आरकेएस के माध्यम से अस्पताल को हर आवश्यक सुविधा मुहैया करवाई जाएगी। अस्पताल में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार होगा।
000