मंडी। अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में फोटोग्राफी प्रतियोगिता तीन श्रेणियों में करवाई जाएगी। हर श्रेणी में फोटोग्राफर फोटो प्रशासन को प्रेषित कर सकेंगे। हर श्रेणी में तीन विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।
उपायुक्त एवं अध्यक्ष महाशिवरात्रि महोत्सव आयोजन समिति मंडी ऋग्वेद ठाकुर ने कहा कि शिवरात्रि महोत्सव की विषय-वस्तु देव संस्कृति रखी गई है। इसी पर आधारित एक छायाचित्र (फोटोग्राफी) प्रतियोगिता का आयोजन समिति करवा रही है। प्रतियोगिता तीन श्रेणियों में बांटी गई है। इनमें प्रथम श्रेणी का विषय देवता के रथ और मुखौटे, दूसरी श्रेणी में देव संस्कृति के दर्शन जलेब, देवलु नाटी, वाद्य यंत्र इत्यादि तथा तीसरी श्रेणी का विषय शिवरात्रि महोत्सव का सर्वश्रेष्ठ छायाचित्र फोटोग्राफ रखा गया है। उन्होंने कहा कि इन तीनों श्रेणियों में कोई भी व्यक्ति अधिकतम तीन छायाचित्र प्रति श्रेणी प्रेषित कर सकता है। यह छायाचित्र 13 से 21 फरवरी के मध्य खींचे गए हों। फोटो ई मेल के माध्यम से समिति को 21 फरवरी तक भेजे जा सकते हैं। फोटो का साइज 25 एमबी तक रखना होगा। प्रथम व द्वितीय श्रेणी में तीन-तीन व तृतीय श्रेणी में एक विजेता घोषित किया जाएगा। प्रथम श्रेणी तथा द्वितीय में प्रथम विजेता को 11 हजार, द्वितीय विजेता को 7500 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने पर 5 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त शिवरात्रि महोत्सव का सर्वश्रेष्ठ छायाचित्र विषय के विजेता को 11 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
फेसबुक पेज से चुनी जाएंगी सेल्फी वॉल की फोटो
डीसी मंडी ने कहा कि युवाओं को देव-संस्कृति से जोडटने के लिए उपायुक्त मंडी के अधिकृत फेसबुक पृष्ठ पर एक ग्रुप शिवरात्रि फोटो फेस्टिवल के नाम से बनाया गया है। कोई भी व्यक्ति इसका सदस्य बन सकता है। महाशिवरात्रि महोत्सव-2018 के दौरान मंडी पधारने वाले देवी-देवताओं के फोटो लेकर इस ग्रुप में अपलोड कर शेयर कर सकते हैं। यहां प्राप्त होने वाले फोटो व सेल्फी अगले वर्ष शिवरात्रि महोत्सव के दौरान लगाई जाने वाली सेल्फी वॉल पर प्रदर्शित की जाएंगी। फेसबुक पृष्ठ पर भेजे जाने वाले छायाचित्रों के साथ संबंधित देवता का नाम भी अवश्य होना चाहिए।