मंडी। सांस्कृतिक राजधानी के नाम से विख्यात छोटी काशी मंडी में पुलिस संस्कृति के संरक्षण की तरफ कदम बढ़ाते हुए बसंत पंचमी के पावन पर्व पर पतंगबाजी करवाएगी। 22 जनवरी को पड्डल मैदान से आसमान रंग बिरंगी पतंगों से गुलजार होगा। बाहरी प्रदेशों में बनी पतंगें भी मंगवाई जाएंगी। छोटी काशी मंडी में अपनी तरह के इस पहले कार्यक्रम में पुलिस का सहयोग कुछ संस्थाएं कर रही हैं। जिसमें बेहतरीन काइट उड़ाने वाले को इनाम दिया जाएगा। इस प्रतियोगिता में स्कूलों के ग्रुप भी हिस्सा लेंगे। खास बात यह रहेगी कि पतंग की डोर स्वदेशी और ईको फ्रेंडली धागों से बनी हुई प्रयोग में लाई जाएगी। जबकि नुकसान पहुंचाने वाले चीन में बने धागे का इसमें प्रयोग नहीं होगा। इसके अलावा पुलिस लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और युवाओं को नशे से दूर रहने का भी संदेश देगी। इस आयोजन में खासतौर पर लुधियाना और अमृतसर से सतरंगी पतंगें मंगवाई जा रही हैं।
2 बजे शुरू होगा कार्यक्रम
डीएसपी मुख्यालय हितेश लखनपाल ने बताया कि बसंत पंचमी पर 22 जनवरी को मंडी काइट महोत्सव का आयोजन पड्डल में दोपहर बाद दो बजे होगा। इसमें 20 स्कूलों के प्रतिभागी बुलाए गए हैं। पतंगबाजी के विजेताओं को पुरस्कार भी बांटे जाएंगे। महोत्सव टू प्रिजर्व आवर कल्चर थीम पर आधारित रहेगा। इसमें संस्कृति को संजोने का संदेश दिया जाएगा। हर वर्ष ऐसा आयोजन करने का प्रयास स्थानीय लोगों के साथ मिलकर किया जाएगा।
डीजे पर बजेंगे लोकगीत संगीत
पतंगबाजी के वक्त डीजे का भी लुत्फ उठाया जा सकता है। दस दौरान प्रतिभागियों और दर्शकों के लिए बसंत के लोकगीत और गाने चलेंगे। जिसमें मौजूद बच्चे और अन्य मस्ती भी कर सकेंगे। जबकि इस दौरान काइट फ्लाइंग का लुत्फ भी बच्चे उठा सकेंगे।