प्रतिनिधिमंडल ने एडीसी को दिया ज्ञापन, आपूर्ति की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। कटौला क्षेत्र के 16 गांवों में एक महीने से गैस की आपूर्ति नहीं हुई है। यहां पर न तो घरेलू गैस सिलिंडर की गाड़ियां समय पर आ रही हैं और न ही कॉमर्शियल गैस की सप्लाई उपलब्ध हो पा रही है। इस समस्या के लेकर शनिवार को स्थानीय लोगों एडीसी गुरसिमर सिंह को ज्ञापन दिया।
स्थानीय निवासी ललित कुमार ने बताया कि कटौला क्षेत्र के 16 गांवों में एक महीने से गैस सिलिंडर की आपूर्ति नहीं हुई है। इस कारण क्षेत्र की आम जनता और व्यापारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इससे लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। छोटे-बड़े व्यवसाय भी बाधित हो रहे हैं। इनका कहना है कि मंडी से गैस की आपूर्ति के लिए गाड़ी आती है, लेकिन वह कटौला तक नहीं पहुंचती है। इस पर ग्रामीणों ने कई बार इस समस्या को संबंधित विभाग के संज्ञान में लाया, लेकिन अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि वह इस गंभीर समस्या का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग को उचित दिशा-निर्देश प्रदान करें, ताकि क्षेत्र में गैस आपूर्ति को शीघ्र ही सुचारु किया जा सके और जनता को राहत मिल सके।