जोगिंद्रनगर/चौंतड़ा (मंडी)। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में बैच आधार पर भूतपूर्व सैनिकों के आश्रित वर्ग से स्टाफ नर्स के 16 पदों को भरा जाना है। इसके लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के निदेशक ने रोजगार कार्यालयों को निर्धारित बैच के आधार पर भर्ती के लिए पत्र भेजा है।
उपरोजगार कार्यालय जोगिंद्रनगर के प्रभारी सुमित ने बताया कि भूतपूर्व सैनिकों के आश्रित श्रेणी से स्टाफ नर्स के बैचवाइज आधार पर 16 पद भरे जाने हैं। इनमें सामान्य श्रेणी के लिए बैच दिसंबर 2014, अनुसूचित जाति के लिए बैच दिसंबर 2015, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए बैच दिसंबर 2015 तथा अनुसूचित जनजाति श्रेणी के लिए बैच दिसंबर 2019 तक के भूतपूर्व सैनिकों के आश्रित उम्मीदवार पात्र होंगे।
शैक्षणिक योग्यता मान्यता प्राप्त संस्थान एवं विश्वविद्यालय से जीएनएम अथवा बीएससी नर्सिंग होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि स्टाफ नर्स के इन पदों के लिए पात्र आवेदक आगामी 29 जनवरी 2025 से पहले अपना नाम ऑनलाइन माध्यम से रोजगार कार्यालय में पंजीकृत करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि यदि किसी आवेदक को ऑनलाइन माध्यम से रोजगार कार्यालय में पंजीकरण करवाने में किसी प्रकार की असुविधा होती है तो जानकारी के लिए उप रोजगार कार्यालय जोगिंद्रनगर से संपर्क कर सकते हैं। संवाद