18 से 24 अक्तूबर तक भुवनेश्वर में होगी राष्ट्रीय प्रतियोगिता
राज्य स्तरीय स्पर्धा में स्वर्ण जीतकर बनाई जगह
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। जिले के 16 खिलाड़ियों का चयन हिमाचल प्रदेश वुशु टीम में हुआ है। ये खिलाड़ी 18 से 24 अक्तूबर तक ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय वुशु चैंपियनशिप में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। खिलाड़ियों के चयन से जिले के खेल जगत में उत्साह का माहौल है। चयनित खिलाड़ियों में वुशु की सांडा स्पर्धा के पांच और ताओलू वर्ग के 11 खिलाड़ी शामिल हैं। इन सभी खिलाड़ियों ने 14 और 15 जुलाई को हमीरपुर में आयोजित राज्य स्तरीय वुशु प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए हिमाचल प्रदेश टीम में जगह बनाई है।
भारतीय वुशु संघ के उपाध्यक्ष एवं हिमाचल प्रदेश वुशु संघ के महासचिव पीएन आजाद ने बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर चयनित खिलाड़ियों के लिए मंडी के कंसा चौक स्थित एक्सीलेंस सेंटर में 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। चयन प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा साबित की है और अब राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं।