अमर उजाला ब्यूरो
जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर कॉलेज परिसर और कक्षाओं में मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर पूर्ण रूप से पाबंदी रहेगी। विद्यार्थी मोबाइल का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। नियमों की अवहेलना पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। नए सत्र की कक्षाओं के शुरू होते ही कॉलेज प्रशासन की ओर से नियमों की सख्ती से अनुपालना के निर्देश स्टाफ को जारी कर दिए गए हैं। आदेशों की अवहेलना करने वालों पर कॉलेज की अनुशासनात्मक कमेटी की ओर से दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जा सकती है। यही नहीं, इन पर शिकंजा कसने के लिए चार सदस्यीय प्राध्यापकों की कमेटी का भी गठन किया गया है। इनमें प्राध्यापिका अमिता सिपहिया, शमशेर सिंह, उत्तम भारद्वाज और रविंद्र कुमार को शामिल किया गया है। प्रदेश विश्वविद्यालय के आदेशों की पालना करते हुए कॉलेज में एंटी रैगिंग कमेटी का भी गठन किया गया है। यह कमेटी कॉलेज परिसर में समय-समय पर गस्त कर नए विद्यार्थियों के साथ अभद्र व्यवहार करने वाले विद्यार्थियों को कड़ा सबक सिखाएगी। कॉलेज में नए विद्यार्थियों की रैगिंग लेने वाले विद्यार्थियों को कॉलेज प्रशासन की ओर से कॉलेज से निष्कासित भी किया जाएगा। सीसीटीवी के माध्यम से भी कॉलेज की हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी।
यहां कर सकेंगे मोबाइल का प्रयोग
आपातकालीन समय पर विद्यार्थियों को मोबाइल फोन इस्तेमाल करने के लिए कॉलेज परिसर के बॉक्सिंग रिंग क्षेत्र, बास्केटबॉल एवं पार्किंग परिसर को चयनित किया गया है। यहां विद्यार्थी फोन का इस्मेमाल कर सकेंगे। कॉलेज परिसर में विद्यार्थियों को आगाह करने के लिए चेतावनी बोर्ड भी अंकित किए गए हैं।
कॉलेज प्राचार्य हरीश अवस्थी का कहना है कि कॉलेज में मोबाइल फोन का इस्तेमाल निषेध किया गया है। मोबाइल के इस्तेमाल पर पूर्ण रूप से नजर रहेगी। आपातकालीन समय में विद्यार्थी मोबाइल फोन का इस्तेमाल कॉलेज के बॉक्सिंग रिंग में कर सकते हैं। कॉलेज में विशेष कमेटी का गठन किया गया है जो शरारती तत्वों पर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाएगी। सीसीटीवी के माध्यम से भी कॉलेज की हर गतिविधि पर पैनी नजर बनी रहेगी।