मंडी। ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा ने मंगलवार को संकुल विश्वविद्यालय और राजकीय वल्लभ महाविद्यालय का दौरा किया। उन्होंने महाविद्यालय में ऑडिटोरियम के लिए चिह्नित स्थल का निरीक्षण किया। मंडी शहर में लगभग 95 करोड़ रुपये की निर्माणाधीन विभिन्न विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर ने राजकीय महाविद्यालय मंडी में सभागार के निर्माण की घोषणा हाल ही में की है। इसके लिए सभी औपचारिकताएं पूर्ण की जा रही हैं। उन्होंने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि संकुल विश्वविद्यालय मंडी के भवन का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कर दिया जाएगा। इसके लिए लगभग 16 करोड़ 18 लाख रुपये की राशि जारी की गई है। पड्डल के समीप प्रस्तावित इस कार्य स्थल का निरीक्षण किया। कहा कि पुरानी मंडी से पड्डल के लिए ब्यास नदी पर प्रस्तावित पैदल पुल को एंबुलेंस योग्य बनाया जाएगा। उन्होंने पुल तक एप्रोच सड़क निर्मित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश विभाग को दिए। उन्होंने कहा कि विक्टोरिया पुल के समीप ब्यास नदी पर ही लगभग 25 करोड़ 49 लाख रुपये की लागत से एक नया पुल निर्मित किया जा रहा है। सुकोढी खड्ड के चैनलाइजेशन पर लगभग छह करोड़ 18 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे। कांगणी में हेलीपोर्ट का निर्माण कार्य चरणबद्ध ढंग से किया जा रहा है। इस अवसर पर नगर परिषद मंडी के उपाध्यक्ष विरेंद्र कुमार भट्, पार्षद जितेंद्र कुमार, जिला किसान मोर्चा के उपाध्यक्ष ललित पठानिया, एसडीएम मदन कुमार, करतार चंद, प्रदीप ठाकुर सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
...
पड्डल मैदान में स्थापित होगा ओपन एयर जिम
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि पड्डल मैदान में सैर करने आने वाले लोगों की सुविधा के लिए बैडमिंटन हाल के समीप ओपन एयर जिम स्थापित किया जाएगा। इसके लिए 25 लाख रुपये प्रदेश सरकार ने स्वीकृत किए हैं। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार व्यक्त किया।
000