सुंदरनगर (मंडी)। राज्यस्तरीय नलवाड़ मेले की चौथी हिमाचली संध्या में कलाकारों ने खूब धमाल मचाया। जिसमें किंग ऑफ नाटी ठाकुर दास राठी ने अपने सुपर हिट गीतों से श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। संध्या में शिमला के कलाकार संजीव धीमान, हिमाचली फॉक गायिका गीता भारद्वाज और वॉयस ऑफ हिमाचल के विजेता कुमार साहिल ने भी खूब समां बांधा।
इसके अलावा स्थानीय कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से सबको प्रभावित किया। संध्या में वन एवं परिवहन मंत्री गोबिंद ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की और दीप प्रज्वलित कर संध्या का विधिवत शुभारंभ किया। विधायक राकेश जंवाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। मेला कमेटी के चेयरमैन एवं एसडीएम राहुल चौहान ने मुख्यातिथि को टोपी, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। संध्या में किंग ऑफ नाटी ठाकुर दास राठी ने अपने कार्यक्रम का आगाज बेटियों के महत्व को बताने वाले गीत ..सुण आमा मेरे बापूआ हाऊ बेटी मेरा की कसूर.. पेश कर सबको भाव विभोर कर दिया। जिसके उपरांत उन्होंने सुषमा मेरी जानीए, नीशु चली कौलजा, हो बांकी चंद्रा, हवा लागी चंडीगढ़ा री, नीरू चली घूमदी, चली शिमला बाजारा, शालू रे क्वार्टरा लागी रौनका, हो सुमित्रा, नीली नीली अखिए काजलू लाए, मेरी श्रीदेवीऐ कौखे चली तू, सामने तो आजा मेरी झुमके वाली, पार्टी टाइम, कदी बोलदी नो नो कदी बोलदी यस सहित नान स्टॉप गीत पेश कर समां बांध दिया। शिमला की गीता भारद्वाज ने संदली संदली नैना बीच तेरा नाम वे मुंडेया, रामदासिये बेलुए बुरा आया जमाना, मंडी लागे मेले शिवदासिये और सुकी धारा री गोरू हो पहाड़ी गीत बड़े ही सुंदर तरीके से प्रस्तुत कर समां बांधा, शिमला के संजीव धीमान ने अश्क सूफियाना, अच्छा चलता हूं दुआओं में याद रखना, तुम जो मिल गये हो और बातों को तेरी हम भुला न सकेंगे गीत पेश किया। इससे पूर्व संध्या का शुभारंभ सूरजमणि की शहनाई वादन से हुआ। जिसके बाद राजकुमारी म्यूजिकल ग्रुप, नर्मता कुमारी, सोनी म्यूजिकल ग्रुप, जानवी, नितिन तोमर, इंद्रा महिला मंडल धारंड़ा, कुलभूषण कुमार, सरस्वती विद्या मंदिर, मनन सांख्यान और ललित कला मंच ने अपनी प्रस्तुतियां दीं।