मंडी/करसोग। स्वास्थ्य सेवाओं की दरकार वाले दुर्गम इलाकों के उम्रदराज लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अब प्रशासन ऐसे क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर लगा बुजुर्ग लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं महुैया करवाएगा जो किसी न किसी बीमारी से पीड़ित हैं और किन्हीं कारणों से अस्पताल पहुंचने में असमर्थ हैं। यही नहीं कार्यक्रम में चिकित्सकों की ओर से रोगियों की जांच के बाद यदि किसी प्रकार के टेस्ट लिखे जाते हैं तो उनके नमूने भी मौके पर ही एकत्र किए जाएंगे। जांच की रिपोर्ट और चिकित्सकों की ओर से बताई गई दवाइयों भी उन्हें घर द्वार पर ही उपलब्ध करवाई जाएंगी। अतिरिक्त उपायुक्त राघव शर्मा ने इसकी पुष्टि की है।
पहली जुलाई को करसोग में लगेगा पहला कैंप
पहली जुलाई से संबल कार्यक्रम की शुरुआत मंडी जिले में करसोग उपमंडल की सवामाहुं पंचायत से होगी। इसमें जिला प्रशासन और रेडक्रास सोसायटी की ओर से संबल कार्यक्रम में जरूरतमंदों को मुफ्त इलाज मिलेगा। 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए प्रथम मुफ्त स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगेगा। जिसका शुभारंभ स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री विपिन परमार करेंगे।
ये रहेंगी शर्तें
यदि वरिष्ठ नागरिक किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित होंगे तो उनका उपचार भी संबंधित चिकित्सालयों में करवाया जाएगा, जिसका पूरा खर्चा जिला रेडक्रास सोसायटी की ओर से वहन किया जाएगा । कार्यक्रम में वही वरिष्ठ नागरिक भाग ले सकते हैं, जो बेसहारा हों। यदि कोई वरिष्ठ नागरिक सरकारी सेवाओं से सेवानिवृत्त हो और पेंशन ले रहे हों, वह इस सुविधा के पात्र नहीं होंगे। शिविर में विकलांगता के प्रमाण पत्र और सामाजिक सुरक्षा पेंशन से संबंधित मामले भी निपटाए जाएंगे।