अमर उजाला ब्यूरो
सरकाघाट (मंडी)। टक्कर के बाद कार मालिक और ट्रक चालक के झगड़े के चलते वीरवार को जालंधर-मनाली-सरकाघाट नेशनल हाईवे पर करीब आधे घंटे तक आवाजाही प्रभावित रही। इससे सैकड़ों राहगीरों और जनता को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों का आरोप है कि नेशनल हाईवे पर बेतरतीब वाहनों की पार्किंग के कारण जाम की स्थिति बनी रहती है। सरकाघाट में जाम आम हो गया है। लोगों ने पुलिस विभाग से समस्या के निदान की मांग की है। जानकारी के मुताबिक बाद दोपहर नेशनल हाईवे पर बेतरतीब खड़ी एक कार के साथ ट्रक टकरा गया। यह टक्कर हाईवे पर अचानक सामने से एक अन्य कार को बचाने के दौरान हुई। कार के दोनों दरवाजों में रगड़ लग गई। इसे लेकर कार मालिक और ट्रक ड्राइवर की आपस में बहसबाजी हो गई और दोनों ने ही बीच हाईवे पर गाड़ियां लगा कर करीब आधा घंटा जाम लगाए रखा। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को काफी मशक्कत के बाद इन वाहनों को हटाना पड़ा लेकिन पीक आवर पर इस जाम के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं और काफी देर तक इस यातायात को सुचारु करने के लिए पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी ।
एसपी से लोगों की गुहार
व्यापार मंडल प्रधान ओम प्रकाश ठाकुर, नगर विकास समिति के अध्यक्ष सोहन लाल, पेंशन कल्याण संघ के अध्यक्ष नानक चंद शर्मा, कृषि अराजपत्रित कर्मचारी संघ के अध्यक्ष संजय गॉरला, सेवा संकल्प समिति के अध्यक्ष एनआर पाठक, वरिष्ठ नागरिक हरबंश बन्याल, ध्यान सिंह चौहान, पूर्व नगर पंचायत उपाध्यक्ष अश्विनी गुलेरिया, पार्षद बृजलाल, पूर्व पार्षद विपिन कौशल, वरिष्ठ नागरिक प्रमिला बनियान, शकुंतला देवी, सरकाघाट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अमर सिंह चंदेल, उपाध्यक्ष नरेश शर्मा, अधिवक्ता देशराज ठाकुर, संजय ठाकुर, भारत बन्याल और स्थानीय व्यवसायी संजय गुप्ता, संजीव शर्मा, विनोद वर्मा, राकेश ठाकुर आदि ने जिलाधीश मंडी और एसपी से गुहार लगाई है कि सरकाघाट में दिन प्रतिदिन बिगड़ती यातायात व्यवस्था और बेतरतीब पार्किंग को सुधारा जाए। इसके साथ ही अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की तैनाती भी की जाए।
समस्या के समाधान के लिए पुलिस प्रयासरत
डीएसपी सरकाघाट चंद्रपाल सिंह ने कहा कि शहर में यातायात व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए जाने को लेकर सभी संगठनों के साथ बैठक कर ली गई है। अगले सप्ताह पार्किंग को लेकर रोडमैप बना लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोनों वाहन मालिकों में आपसी समझौता होने के चलते कोई भी केस दर्ज नहीं किया गया है।